अंतरराष्ट्रीय ओलंपिक दिवस पर मुख्यमंत्री ने ओलंपिक मैराथन को दिखाई हरी झंडी

अंतरराष्ट्रीय ओलंपिक दिवस पर मुख्यमंत्री ने ओलंपिक मैराथन को दिखाई हरी झंडी
Ad 2 Ad 5 Ad 6 Ad 9
Ad 5 Ad 6 Ad 7 Ad 9
Ad 5 Ad 6 Ad 7 Ad 9

 अक्स न्यूज लाइन शिमला 23 जून :
मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने मंगलवार को अंतरराष्ट्रीय ओलंपिक दिवस के अवसर पर अपने आधिकारिक निवास ‘ओक ओवर’ से ओलंपिक मैराथन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह दौड़ सीटीओ मार्ग से होते हुए इंदिरा गांधी खेल परिसर, शिमला में संपन्न हुई। इस मैराथन में पुरुष एवं महिला वर्गों में लगभग 200 खिलाड़ियों ने भाग लिया।
अंतरराष्ट्रीय ओलंपिक दिवस की शुभकामनाएं देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार खेलों को बढ़ावा देने के लिए प्रतिबद्ध है। खेल भी शिक्षा का एक स्वरूप है। जिस प्रकार विद्यार्थी शिक्षा क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हैं, उसी प्रकार खिलाड़ियों को भी खेलों में उपलब्धियां हासिल कर प्रदेश का नाम रोशन करने के लिए प्रयास निरन्तर जारी रखने चाहिए।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार हिमाचल प्रदेश में ‘खेलो इंडिया’ प्रतियोगिताओं के आयोजन के लिए लगातार प्रयास कर रही है। युवाओं के हित में बिलासपुर, कांगड़ा, ऊना और हमीरपुर जिलों में सुदृढ़ खेल अवसंरचना विकसित की जा चुकी है। इसके अतिरिक्त, हमीरपुर जिले के नादौन में 150 करोड़ रुपये की लागत से खेलों के लिए एक उत्कृष्टता का केन्द्र स्थापित किया जा रहा है, जिसके इस वर्ष अक्तूबर महीने तक पूरा होने की संभावना है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि खेल युवाओं में अनुशासन और टीम भावना का विकास करते हैं, जो जीवन में सफलता के लिए अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने युवाओं से राज्य सरकार के नशा-विरोधी अभियान का सक्रिय समर्थन करने तथा नशामुक्त और स्वस्थ समाज के निर्माण में योगदान देने का भी आह्वान किया।
श्री सुक्खू ने कहा कि राज्य सरकार ने अंतरराष्ट्रीय खेल प्रतियोगिताओं में पदक विजेताओं के लिए नकद पुरस्कार राशि में ऐतिहासिक वृद्धि की है। ओलंपिक, पैरालंपिक और शीतकालीन ओलंपिक में स्वर्ण पदक जीतने वाले खिलाड़ियों के लिए पुरस्कार राशि को तीन करोड़ रुपये से बढ़ाकर पांच करोड़ रुपये किया गया है।
उन्होंने कहा कि एशियाई खेलों और पैरा एशियाई खेलों में स्वर्ण पदक विजेताओं के लिए नकद पुरस्कार राशि 50 लाख रुपये से बढ़ाकर चार करोड़ रुपये की गई है। वहीं, राष्ट्रमंडल खेलों और पैरा राष्ट्रमंडल खेलों में स्वर्ण पदक जीतने वाले खिलाड़ियों के लिए पुरस्कार राशि 50 लाख रुपये से बढ़ाकर तीन करोड़ रुपये कर दी गई है।
इस अवसर पर स्थानीय विधायक हरीश जनारथा, युवा सेवाएं एवं खेल विभाग के निदेशक शिवम प्रताप सिंह, हिमाचल प्रदेश ओलंपिक संघ के महासचिव राजेश शांडिल तथा अन्य गणमान्य उपस्थित थे।