अक्स न्यूज लाइन केलांग........12 मई 2026.......
पंचायत चुनावों को निष्पक्ष एवं पारदर्शी ढंग से संपन्न करवाने के उद्देश्य से जिला उपायुक्त लाहौल स्पीति किरण भड़ाना ने मंगलवार को तांदी क्षेत्र का दौरा कर नामांकन पत्रों की जांच (स्क्रूटनी) प्रक्रिया का गहन निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने तांदी तथा मालंग पंचायतों में चल रही चुनावी प्रक्रिया का विस्तृत जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए।
निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने सहायक रिटर्निंग अधिकारियों (एआरओ) से नामांकन पत्रों की जांच संबंधी प्रक्रियाओं की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रत्येक नामांकन पत्र की अत्यंत सावधानीपूर्वक एवं नियमों के अनुरूप जांच सुनिश्चित की जाए, ताकि किसी भी प्रकार की तथ्यात्मक त्रुटि या प्रक्रियागत अनियमितता की गुंजाइश न रहे। उन्होंने कहा कि चुनाव प्रक्रिया में पारदर्शिता बनाए रखना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है।
उन्होंने कहा कि पंचायत चुनाव लोकतांत्रिक व्यवस्था की मजबूत कड़ी हैं तथा इन्हें स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न कराना जिला प्रशासन की जिम्मेदारी है। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि चुनाव आयोग द्वारा जारी दिशा-निर्देशों एवं नियमों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जाए, ताकि चुनाव प्रक्रिया पूरी तरह विश्वसनीय एवं पारदर्शी बनी रहे।
उन्होंने यह भी कहा कि चुनाव संबंधी सभी कार्य निर्धारित समयसीमा के भीतर पूर्ण किए जाएं तथा अभ्यर्थियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। उपायुक्त ने चुनाव ड्यूटी में तैनात अधिकारियों एवं कर्मचारियों से पूरी निष्पक्षता, सतर्कता एवं जिम्मेदारी के साथ कार्य करने का आह्वान किया।
जिला प्रशासन द्वारा पंचायत चुनावों को लेकर सुरक्षा, पारदर्शिता एवं सुचारू संचालन के लिए व्यापक स्तर पर तैयारियां की गई हैं, ताकि लोकतांत्रिक प्रक्रिया में आम नागरिकों की भागीदारी सुनिश्चित हो सके।