लारजी परियोजना के जलाशय की प्री-मानसून फ्लशिंग 28 जून से….. लारजी बैराज के सभी गेट खोले जाएंगे……
अक्स न्यूज लाइन मंडी, 27 जून :
हिमाचल प्रदेश राज्य विद्युत बोर्ड लिमिटेड के वरिष्ठ अधिशाषी अभियंता ने सूचित किया है कि लारजी जल विद्युत परियोजना के जलाशय की बरसात से पूर्व (प्री-मानसून) फ्लशिंग 28 जून से 29 जून, 2026 तक निर्धारित की गई है।
उन्होंने बताया कि लारजी पावर स्टेशन के लारजी स्थित बांध में एकत्रित गाद का प्रक्षालन/निकासी का यह कार्य 28 जून, 2026 को प्रातः 6:00 बजे से 29 जून, 2026 को प्रातः 6:00 बजे तक निर्धारित किया गया है। इसके लिए लारजी बैराज के सभी गेट खोले जाएंगे। उन्होंने बताया कि सुरक्षा की सभी ज़रूरी सावधानियां बरतते हुए जलाशय से लगभग 2000 क्यूमेक्स तक पानी छोड़ा जाएगा।
उन्होंने बांध के निचले क्षेत्रों में ब्यास नदी के समीप रहने वाले लोगों सहित सभी नागरिकों एवं पर्यटकों से आग्रह किया है कि वे नदी के किनारे न जाएं और किसी भी प्रकार की अनावश्यक आवाजाही से बचें। उन्होंने लारजी बांध से लेकर पंडोह बांध तक ब्यास नदी के किनारे पर रहने वाले सभी निवासियों से विशेषतौर पर आग्रह किया है कि इस अवधि के दौरान कोई भी व्यक्ति व्यास नदी के किनारे न जाए तथा अपने पशुओं को भी न ले जाए, जिससे किसी तरह का जान व माल का नुकसान न हो।
उन्होंने बताया कि इस दौरान लारजी पॉवर स्टेशन विद्युत गृह में उत्पादन भी पूरी तरह बंद रहेगा। इस कार्य को सफलतापूर्वक संपन्न करने के लिए नियमों का पूरी तरह से पालन किया जाएगा तथा सायरन और प्रचार वाहन के माध्यम से भी लोगों को सूचित किया जा रहा है।
-0-




