नाहन: कोलर मारपीट कांड में 1आरोपी धरा, 3 नामजद आरोपियों समेत आधा दर्जन लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज,
अक्स न्यूज लाइन नाहन 12 मई :
नेशनल हाईवे देहरादून- चंडीगढ़ पर स्थित कोलर गांव में बीती रात
रंजिश के चलते घर पर बनी दुकान में घुसकर लाठी-तलवार से जानलेवा हमले के मामले में
माजरा पुलिस स्टेशन में तीन नामजद आरोपियों सहित 5-6 अज्ञात हमलावरों के खिलाफ हत्या के प्रयास सहित धाराओं में एफआईआर दर्ज की गई है।
जिले के एसपी एनएस नेगी ने बताया कि शिकायतकर्ता विशाल कुंडलस पुत्र राजिंद्र सिंह, निवासी गांव व डा0 कोलर, तह0 पांवटा साहिब, के बयान के अनुसार 9 मई को एक डंफर चालक द्वारा उसके घर के पास उसके पिता के साथ बहसबाजी हुई थी।
एसपी के बताया कि इसी रंजिश के चलते दिनांक 11-05-2026 को रात जब वह व उसका चचेरा भाई प्रवीण घर पर बनी दुकान में बैठे थे, तभी एक काले रंग की स्कॉर्पियो गाड़ी में 5-6 लोग आए। सभी हमलावरों ने अपने चेहरे कपड़े से ढके हुए थे। आरोपियों ने दुकान के अंदर घुसकर लाठियों व तलवार से उन पर जानलेवा हमला कर दिया।
शिकायत के अनुसार चीख-पुकार सुनकर जब शिकायतकर्ता के पिता मौके पर पहुंचे तो हमलावरों ने उन पर भी हमला कर दिया। वारदात को अंजाम देकर सभी आरोपी स्कॉर्पियो गाड़ी में बैठकर नाहन की ओर फरार हो गए।
शिकायतकर्ता ने बताया कि हमलावरों में से तीन के नाम दीपक, रमन व विक्की पता चले हैं। पुलिस ने त्वरित कार्वाही करते हुए इस हमले में एक आरोपी दीपक को गिरफ्तार कर लिया है व हमला में प्रयोग की गई स्कॉर्पियों गाडी को भी बरामद कर लिया है तथा अन्य की पहचान व गिरफ्तारी के प्रयास कर रही है। असामाजिक तत्वों के लिये सिरमौर पुलिस का सख्त संदेश है कि सिरमौर में असामाजिक तत्वों के लिये कोई स्थान नहीं है जिनके विरुद्ध सख्त से सख्त कार्यवाही के लिये कृत संकल्प है।
*









