पंचायती राज संस्थाओं के चुनाव को लेकर मतदान कर्मियों का दूसरा चुनावी पूर्वाभ्यास आयोजित
एसडीएम केलांग कुनिका ऐकर्स तथा एसडीएम उदयपुर अलिशा चौहान कार्यक्रम में विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने सभी मतदान प्रिसाइडिंग एवं पोलिंग अधिकारियों से कहा कि वे इन प्रशिक्षणों का पूर्ण लाभ उठाकर चुनाव संचालन की प्रक्रियाओं को गहराई से समझें और प्रशिक्षणों में सीखी गयी विधियों को लागू कर के चुनावों को शांतिपूर्ण, सुचारू व निष्पक्ष रूप से संपन्न कराएँ।
खंड विकास अधिकारी (लाहौल) विवेक गुलेरिया तथा पंचायत निरीक्षक अंकित कपूर ने उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को पंचायत चुनाव प्रक्रिया से संबंधित महत्वपूर्ण निर्देश दिए। प्रशिक्षण में बैलेट पेपर, बैलेट बॉक्स और चुनाव में प्रयुक्त विभिन्न प्रपत्रों को भरने की विधि विस्तारपूर्वक समझाई गई। साथ ही मतदाताओं द्वारा मतपत्र पर मोहर लगाने की सही प्रक्रिया, मतदाता सूची के उपयोग और बी.डी.एम.एस. ऐप में ऑनलाइन डेटा भरने से संबंधित आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। इस दौरान मतदान कर्मियों को मतगणना प्रक्रिया के बारे में भी विस्तृत रूप से जानकारी प्रदान की गई ।
प्रशिक्षण के दौरान मतदान केंद्र पर अपनाई जाने वाली सुरक्षा व शुचिता संबंधी सावधानियों, पारदर्शिता सुनिश्चित करने के उपायों और आपात संचालन प्रक्रियाओं पर भी विशेष बल दिया गया। यह पूर्वाभ्यास सुनिश्चित करने के उद्देश्य से आयोजित किया गया था कि आगामी पंचायत चुनाव निर्धारित नियमों के अनुरूप, निष्पक्ष तथा बिना किसी बाधा के सम्पन्न हों।









