HRTC की बस दुर्घटनाग्रस्त ...परिचालक समेत दो लोगों की दर्दनाक मौत, 22 यात्री घायल.....
अक्स न्यूज लाइन शिमला 15 जुलाई :
जिला शिमला के रामपुर उपमंडल में बुधवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे क्षेत्र को गहरे सदमे में डाल दिया। रामपुर–खड़ाहण–कोटाधार–खोलीघाट मार्ग पर नियमित सेवा दे रही हिमाचल पथ परिवहन निगम (HRTC) की बस (पंजीकरण संख्या HP-06A-6454) शाम लगभग 6:30 बजे गरटोला के समीप अचानक अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे दुर्घटनाग्रस्त हो गई।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार बस में करीब 22 यात्री सवार थे। हादसे में बस के परिचालक जय प्रकाश नेगी तथा 72 वर्षीय दाखू राम की मौके पर ही मृत्यु हो गई, जबकि बस चालक हरी सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए। इसके अलावा कई अन्य यात्रियों को भी गंभीर चोटें आई हैं। सभी घायलों को तत्काल उपचार के लिए महात्मा गांधी सेवा चिकित्सा परिसर, खनेरी (रामपुर) पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों की टीम द्वारा उनका उपचार किया जा रहा है।
इस हादसे में परिचालक जय प्रकाश नेगी, निवासी गांव घड़ोली, डाकघर खुनी, तहसील ननखड़ी, जिला शिमला तथा 72 वर्षीय दाखू राम, पुत्र कालूराम, निवासी गांव शाडू, तहसील ननखड़ी, जिला शिमला की मौके पर ही मृत्यु हो गई।
दुर्घटना की सूचना मिलते ही उपायुक्त शिमला अनुपम कश्यप ने संबंधित अधिकारियों को तुरंत घटनास्थल पर पहुंचने तथा राहत एवं बचाव कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने हादसे पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए मृतकों के परिजनों के प्रति अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त कीं और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।
उपायुक्त ने बताया कि जिला प्रशासन द्वारा राहत नियमों के तहत स्थानीय मृतक के परिजनों को 20 हजार रुपये की फौरी राहत राशि तत्काल जारी कर दी गई है। दूसरे मृतक से संबंधित आवश्यक औपचारिकताएं पूरी होने के बाद उनके परिजनों को भी नियमानुसार राहत राशि उपलब्ध कराई जाएगी। उन्होंने कहा कि प्रशासन हर प्रभावित परिवार के साथ मजबूती से खड़ा है तथा आवश्यकता पड़ने पर हर संभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।
एसडीएम रामपुर हर्ष अमरेंद्र नेगी स्वयं महात्मा गांधी सेवा चिकित्सा परिसर, खनेरी में मौजूद रहकर घायलों के उपचार, राहत व्यवस्था तथा अन्य आवश्यक प्रबंधों की लगातार निगरानी कर रहे हैं। उन्होंने अस्पताल प्रशासन के साथ बैठक कर घायलों को समय पर उपचार उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए। वहीं प्रशासनिक अधिकारी घटनास्थल पर राहत एवं बचाव कार्यों की लगातार समीक्षा करते रहे।
जिला प्रशासन ने आम लोगों से अपील की है कि वे दुर्घटना से संबंधित किसी भी अपुष्ट सूचना या अफवाह पर विश्वास न करें तथा केवल प्रशासन द्वारा जारी आधिकारिक जानकारी पर ही भरोसा करें।



