नाहन : रोटरी क्लब ने राजकीय विद्यालय चिया मिमियाना में मिड-डे मील किचन एवं गर्ल्स टॉयलेट का किया उद्घाटन
अक्स न्यूज लाइन नाहन 26 जून :
रोटरी क्लब नाहन द्वारा राजकीय विद्यालय चिया मिमियाना में नवनिर्मित गर्ल्स टॉयलेट एवं नवीनीकृत मिड-डे मील किचन का उद्घाटन किया गया।
इस अवसर पर रोटरी क्लब नाहन के अध्यक्ष मनीष जैन ने बताया कि विद्यालय का मिड-डे मील किचन अत्यंत जर्जर एवं खस्ता हालत में था। रोटरी क्लब नाहन ने इसकी संपूर्ण मरम्मत एवं नवीनीकरण करवाया। किचन में नई टाइल्स लगाई गईं तथा बर्तन धोने एवं अन्य आवश्यक कार्यों के लिए उचित व्यवस्था विकसित की गई, जिससे अब बच्चों के लिए स्वच्छ, सुरक्षित एवं हाइजीनिक वातावरण में भोजन तैयार किया जा सकेगा।
इसके साथ ही छात्राओं की सुविधा एवं स्वच्छता को ध्यान में रखते हुए रोटरी द्वारा निर्मित गर्ल्स टॉयलेट का भी उद्घाटन किया गया। इस टॉयलेट में आधुनिक सैनिटरी फिटिंग एवं टाइल्स का कार्य रोटरी द्वारा करवाया गया है, जिससे छात्राओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होंगी।
कार्यक्रम में रोटेरियन राजेंद्र बंसल, ललित शर्मा एवं अश्नि शर्मा भी उपस्थित रहे।
विद्यालय प्रशासन एवं स्कूल प्रबंधन समिति (एसएमसी) के सदस्यों ने इस महत्वपूर्ण जनहितकारी कार्य के लिए रोटरी क्लब नाहन का हृदय से आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इन सुविधाओं से विद्यार्थियों को स्वच्छ एवं बेहतर शैक्षणिक वातावरण मिलेगा।
रोटरी क्लब नाहन ने भविष्य में भी शिक्षा, स्वास्थ्य एवं सामुदायिक विकास के क्षेत्र में ऐसे सेवा कार्य निरंतर जारी रखने का संकल्प दोहराया।




