26 जून तक मादक पदार्थों के दुष्प्रभावों के खिलाफ विशेष जागरूकता अभियान
अक्स न्यूज लाइन कुल्लू 23 जून :
हिमाचल प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, शिमला के दिशा-निर्देशों पर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा 26 जून, 2026 तक मादक पदार्थों के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूकता और संवेदनशीलता बढ़ाने के उद्देश्य से विशेष अभियान चलाया जा रहा है।
अभियान का उद्देश्य जिला की युवा पीढ़ी को नशे से दूर रखने तथा समाज में नशामुक्त वातावरण के निर्माण को बढ़ावा देना है।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण कुल्लू के सचिव एवं अतिरिक्त मुख्य न्यायिक दण्डाधिकारी विशाल तिवारी ने बताया कि अभियान के तहत पैनल अधिवक्ताओं, विधिक सेवा से जुड़े अधिवक्ताओं, पुलिस प्रशासन, स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों तथा पैरा लीगल वालंटियर्स द्वारा विभिन्न स्थानों पर जागरूकता शिविर आयोजित किए जा रहे हैं।
उन्होंने बताया कि अभियान के अंतर्गत 22 जून को ग्राम पंचायत कटराईं तथा सरवरी स्थित स्लम क्षेत्र में जागरूकता शिविर आयोजित किए गए। 23 जून को राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई), पतलीकूहल में विद्यार्थियों एवं युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों और इससे बचाव के उपायों की जानकारी दी गई।
अभियान के आगामी कार्यक्रमों के तहत 24 जून को क्षेत्रीय अस्पताल कुल्लू में दवा विक्रेताओं के लिए जागरूकता एवं संवेदनशीलता शिविर आयोजित किया जाएगा। 25 जून को नशा मुक्ति केंद्र मौहल तथा राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला भुट्टी में कार्यक्रम आयोजित होंगे, जबकि 26 जून को जिला कारागार कुल्लू में जागरूकता शिविर का आयोजन किया जाएगा।
विशाल तिवारी ने कहा कि अभियान का मुख्य उद्देश्य युवाओं और आमजन को मादक पदार्थों के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना, नशे की रोकथाम के लिए सामुदायिक भागीदारी को प्रोत्साहित करना तथा नशामुक्त समाज के निर्माण में सभी वर्गों की सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करना है। उन्होंने लोगों से इस अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लेने और नशे के खिलाफ जन-जागरूकता फैलाने का आह्वान किया।




