नाहन : ‘‘सशक्त नारी, समृद्ध सिरमौर’’ विषय पर महिला जागरूकता कार्यक्रम आयोजित
अक्स न्यूज लाइन नाहन 04 जून :
महिला एवं बाल विकास विभाग, द्वारा जिला सिरमौर के विकास खंड संगडाह के राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला नोहराधार में ‘‘सशक्त नारी, समृद्ध सिरमौर’’ विषय पर संकल्प हब सिरमौर द्वारा एक दिवसीय महिला जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।
जिला कार्यक्रम अधिकारी पवन कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि इस जागरूकता कार्यक्रम में ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ, मासिक धर्म स्वच्छता, दहेज निषेध, वन स्टॉप सेंटर, आंगनबाड़ी सह क्रेच, तथा कामकाजी महिला हॉस्टल’ योजनाओं के बारे में विस्तृत जानकारी प्रदान की गई। इस कार्यक्रम में क्षेत्र की महिलाओं, किशोरियों और छात्र-छात्राओं ने भाग लिया।
वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला नोहराधार के प्रधानाचार्य जितेंद्र चौहान ने इस कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए कहा कि महिलाओं का सशक्तिकरण ही समाज और देश के विकास की कुंजी है।
उन्होंने ’मिशन् शक्ति योजना के मुख्य बिंदुओं पर प्रकाश डालते हुए कहा कि बेटा-बेटी में भेदभाव न करें, गर्भ में लिंग जांच और कन्या भ्रूण हत्या पीसीपीएनडीटी अधिनियम के तहत एक दंडनीय अपराध है। उन्होंने बेटियों को शिक्षा देकर उन्हें आत्मनिर्भर बनाने पर बल दिया।
कार्यक्रम के दौरान मासिक धर्म स्वच्छता’ माहवारी कोई बीमारी नहीं, यह प्रकृति का नियम है तथा इस दौरान स्वच्छ सैनिटरी नैपकिन का उपयोग करने के लिए प्रेरित किया गया। वन स्टॉप सेंटर ‘सखी’ के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि हिंसा की शिकार महिलाओं को जिला अस्पताल नाहन स्थित वन स्टॉप सेंटर पर एक ही छत के नीचे पुलिस, मेडिकल, कानूनी सहायता, काउंसलिंग और 5 दिन तक अस्थायी आश्रय की सुविधा 24x7 निःशुल्क दी जाती है। कामकाजी माताओं के लिए 6 माह से 6 साल तक के बच्चों की देखभाल, भोजन और प्रारंभिक शिक्षा की सुविधा आंगनबाड़ी सह क्रेच में उपलब्ध है।
इसके अतिरिक्त घरेलू हिंसा, दहेज, छेड़छाड़ या किसी भी समस्या के लिए महिलाएं 24x7 टोल फ्री नंबर 181 पर कॉल कर तुरंत सहायता ले सकती हैं। तथा आपात स्थिति में 112 डायल किया जा सकता है।
इस जागरूकता कार्यक्रम में सुपरवाइजर विनोद् कुमार, मिशन शक्ति स्टाफ से जिला समन्वयक कृतिका ठाकुर, सोनम परमार , आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, नर्सिंग ऑफिसर्स, विद्यालय के शिक्षक व विद्यार्थियों ने भाग लिया।









