अक्स न्यूज लाइन नाहन 12 अगस्त :
डॉ. वाई.एस. परमार राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, नाहन में मंगलवार को शिक्षक-अभिभावक संग (पी.टी.ए.) की सामान्य सभा का आयोजन किया गया। यह सभा प्रत्येक वर्ष नई पी.टी.ए. कार्यकारिणी के गठन के उद्देश्य से आयोजित की गयी । शैक्षणिक सत्र 2025-26 के लिए पी.टी.ए. कार्यकारिणी का गठन इस सभा में होना प्रस्तावित था। हालांकि, अभिभावकों की उपस्थिति अपेक्षित संख्या से कम होने के कारण न्यूनतम कोरम पूरा नहीं हो सका, जिसके फलस्वरूप सभा को 19 अगस्त 2025 के लिए स्थगित कर दिया गया।
जानकारी के अनुसार इस सामान्य सभा में पी.टी.ए. के मुख्य संरक्षक डॉ. विभव कुमार शुक्ला ने शिक्षकों और अभिभावकों की छात्रों के जीवन में महत्वपूर्ण भूमिका और योगदान पर प्रकाश डाला। साथ ही, उन्होंने पी.टी.ए. की महाविद्यालय के विकास में अहम भूमिका को विस्तारपूर्वक समझाया। उन्होंने बताया कि पी.टी.ए. कार्यकारिणी एक महत्वपूर्ण सलाहकारी भूमिका निभाती है। इसके अतिरिक्त, पी.टी.ए. सचिव प्रो. गोपाल भारद्वाज ने कार्यकारिणी की संरचना और महाविद्यालय परिसर में इसके महत्वपूर्ण योगदान के बारे में विस्तृत जानकारी प्रदान की।