बडैहर स्कूल के विद्यार्थियों ने बोर्ड परीक्षा में किया उत्कृष्ट प्रदर्शन
अक्स न्यूज लाइन ऊना, 12 मई:
ऊना उपमण्डल के राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला बडैहर के विद्यार्थियों ने दसवीं बोर्ड परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर विद्यालय का नाम रोशन किया है। विद्यालय के छात्र जसप्रीत सिंह ने 97.57 प्रतिशत अंक प्राप्त कर शानदार सफलता हासिल की। यह जानकारी विद्यालय के प्रधानाचार्य ज्ञान सिंह रायजादा ने विद्यार्थियों एवं उनके अभिभावकों के सम्मान में आयोजित समारोह के दौरान दी।
उन्होंने बताया कि विद्यालय की छात्रा जसप्रीत कौर ने 96.57 प्रतिशत तथा छात्रा सिमरन ने 91.71 प्रतिशत अंक प्राप्त किए हैं। प्रधानाचार्य ने कहा कि विद्यार्थियों की इस उपलब्धि से अभिभावकों के साथ-साथ विद्यालय परिवार भी गौरवान्वित महसूस कर रहा है।
प्रधानाचार्य ने बताया कि कुल 700 अंकों में से जसप्रीत सिंह ने 683 अंक, जसप्रीत कौर ने 676 अंक तथा सिमरन ने 642 अंक अर्जित किए हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को इस उपलब्धि के लिए बधाई देते हुए कहा कि यह सफलता उनकी लगन, अनुशासन और कठिन परिश्रम का परिणाम है। साथ ही उन्होंने शिक्षकों से भी पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ विद्यार्थियों को शिक्षित करने का आह्वान किया, ताकि भविष्य में भी विद्यालय के विद्यार्थी इसी प्रकार उत्कृष्ट प्रदर्शन कर दूसरों के लिए प्रेरणास्रोत बनें।









