शहीद सूबेदार बलदेव कुमार शर्मा को दी श्रद्धांजलि, वीर नारी का किया गया सम्मान
यह आयोजन हिमाचल प्रदेश वेटरन सैनिक कल्याण एवं विकास समिति तथा एक्स सर्विसमैन सैनिक लीग बिलासपुर के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित किया गया। समारोह में जिला सैनिक कल्याण विभाग के अधिकारियों ने भी शहीद को श्रद्धांजलि अर्पित की।
जिला बिलासपुर के गांव निघ्यार, (मरुडा) डाकघर तलाई तहसील झंडूता, जिला बिलासपुर निवासी शहीद सूबेदार बलदेव कुमार शर्मा ने 19 जून 1980 को असम राइफल्स में भर्ती होकर देश सेवा का संकल्प लिया था। 22 मई 2016 को मणिपुर के चंदेल जिले के जौपी क्षेत्र में वह कमांडेंट की क्विक रिएक्शन टीम का हिस्सा थे। भूस्खलन प्रभावित क्षेत्र का निरीक्षण कर लौटते समय शिव मंदिर के समीप उग्रवादियों ने उनकी टीम पर घात लगाकर हमला कर दिया। इस हमले में उन्होंने अदम्य साहस और वीरता का परिचय देते हुए मातृभूमि की रक्षा करते हुए सर्वोच्च बलिदान दिया। इस अवसर पर हिमाचल प्रदेश वेटरन सैनिक कल्याण एवं विकास समिति के प्रदेशाध्यक्ष कैप्टन बालक राम शर्मा, डीएसपी मनीष चैधरी सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति एवं पूर्व सैनिक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में इकाई अध्यक्ष सूबेदार मेजर संजीव कुमार, सूबेदार मेजर कुलवंत पटियाल, सचिव सूबेदार सागर सिंह चंदेल, उपाध्यक्ष सूबेदार वचन सिंह चंदेल, सूबेदार रणजीत सिंह ठाकुर, सूबेदार सुभाष चंदेल, सूबेदार सरबजीत सिंह ठाकुर, कैप्टन जय सिंह ठाकुर, हवलदार सलिंद्र कुमार, सूबेदार मेजर राम कृष्ण, वीर नारी अरुणा देवी, वीर नारी मीरा देवी, वीर नारी निशा देवी सहित जिला के अनेक पूर्व सैनिकों ने भाग लिया।









