कुल्लू: टाटा सूमो नाले में गिरी, 3 की मौत 9 घायल,पुलिस जांच में जुटी...
जिला कुल्लू की लग घाटी में गुरुवार को दोपहर एक दर्दनाक हादसे में एक टाटा सूमो के बेकाबू हो कर कोठी महराजा के जोकु नाला में गिर जाने से 3 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई जबकि 9 लोग घायल हो गए। सभी घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
दुर्घटना ग्रस्त सूमो में 12 लोग सवार थे जिनमे 10 महिलाओं समेत 1 बच्चा व चालक शामिल हैं।
डीसी अनुराग चंद्र शर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि गाड़ी में 10 महिलाएं एक बच्चे तथा चालक सहित 12 लोग सवार थे, जिनमें से 3 की मौत हो गई। और 9 घायल हो गए।
घटना की सूचना प्राप्त होते ही जिला प्रशासन की ओर से राहत एवं बचाव दल तुरन्त घटना स्थल पर रवाना हो गए।
उन्होंने बताया कि 3 मृतकों के परिवार को 20-20 हज़ार रुपए की फौरी राहत के तौर पर तथा 4 घायलों को 5-5 हज़ार रुपए फौरी राहत के तौर पर जारी किए गए हैं जिनका का इलाज कुल्लू के सरकारी अस्पताल में चल रहा है।
2 घायल लोगों को एम्स बिलासपुर के लिए रेफर किए गए हैं जिन्हें 10-10 हज़ार रुपए फौरी राहत के रूप में प्रदान किए गये हैं।अन्य 3 घायलों को भी फ़ौरी राहत प्रदान की जा रही है।
इस दुर्घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय विधायक सुन्दर सिंह ठाकुर, एसडीएम कुल्लू, मुख्य चिकित्सा अधिकारी तथा जिला प्रशासन के अन्य अधिकारी भी प्रभावितों से मिलने ज़ोनल अस्पताल कुल्लू पहुंचे तथा प्रभावितों का हाल चालजाना। उन्होंने चिकित्सकों को सभी घायलों के बेहतर उपचार के निर्देश दिए हैं।
उन्होंने इस दुर्घटना पर दुःख प्रकट किया तथा मृतकों के परिवार जनों के प्रति संवेदना व्यक्त की उन्होंने घायल लोगों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की है।









