एचआरटीसी चालक-परिचालक कर्मचारियों की प्रस्तावित हड़ताल के मद्देनजर प्रशासन अलर्ट, वैकल्पिक परिवहन व्यवस्था पर फोकस
अक्स न्यूज लाइन मंडी, 24 जून :
एचआरटीसी चालक-परिचालक कर्मचारियों की प्रस्तावित हड़ताल के दौरान कानून व्यवस्था बनाए रखने तथा आम लोगों को किसी प्रकार की असुविधा से बचाने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट है। इस संबंध में अतिरिक्त उपायुक्त गुरसिमर सिंह की अध्यक्षता में बुधवार को एक उच्च स्तरीय बैठक आयोजित की गई। बैठक में अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी डॉ. मदन कुमार, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु वर्मा, जिले के सभी एसडीएम तथा एचआरटीसी के क्षेत्रीय प्रबंधक वर्चुअल उपस्थित रहे।
बैठक में हड़ताल के दौरान सार्वजनिक परिवहन के सुचारू संचालन, कानून व्यवस्था बनाए रखने तथा लोगों के लिए वैकल्पिक यातायात साधनों की उपलब्धता सुनिश्चित करने पर विस्तार से चर्चा की गई। अतिरिक्त उपायुक्त ने कहा कि जिला प्रशासन का प्राथमिक उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि आम जनता को आवागमन में किसी प्रकार की परेशानी न हो और आवश्यक सेवाएं निर्बाध रूप से चलती रहें।
उन्होंने स्पष्ट किया कि जो बसें गुरुवार सुबह से विभिन्न रूटों पर संचालित होंगी, उनके संचालन में किसी प्रकार की बाधा नहीं आने दी जाएगी। हड़ताल पूरी तरह शांतिपूर्ण होनी चाहिए तथा इसका असर आम जनता को मिलने वाली सेवाओं पर नहीं पड़ना चाहिए। इसके लिए सभी एसडीएम को अपने-अपने क्षेत्रों में एचआरटीसी के क्षेत्रीय प्रबंधकों के साथ समन्वय स्थापित कर आवश्यक प्रबंध करने के निर्देश दिए गए हैं।
गुरसिमर सिंह ने कहा कि वैकल्पिक परिवहन व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए निजी बसों का शत-प्रतिशत संचालन सुनिश्चित किया जाएगा। जिन क्षेत्रों में एचआरटीसी की बसें अधिक संख्या में रूटों पर संचालित होती हैं, वहां विशेष निगरानी और अतिरिक्त प्रबंध किए जाएंगे। उन्होंने निजी स्कूल प्रबंधन से भी आग्रह किया कि यदि वे स्वेच्छा से सहयोग करना चाहें तो उनकी बसों का उपयोग भी आम जनता की सुविधा के लिए किया जा सकता है।
उन्होंने कहा कि कानून व्यवस्था बनाए रखना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। सभी एसडीएम को अन्य विभागों के साथ समन्वय बनाकर रखने और यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं कि किसी भी आवश्यक सेवा में व्यवधान न आए। हड़ताल की स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए सभी स्तरों पर पुख्ता प्रबंध किए गए हैं।
अतिरिक्त उपायुक्त ने बताया कि सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए पुलिस बल की 24 घंटे बस अड्डों, एचआरटीसी कार्यशालाओं, कार्यालयों तथा अन्य संवेदनशील स्थानों पर तैनाती की जाएगी। पुलिस लगातार गश्त करेगी और शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए हर आवश्यक कदम उठाएगी।उन्होंने कहा कि आवश्यकता पड़ने पर बसों के संचालन के लिए होमगार्ड जवानों की सेवाएं भी ली जाएंगी, ताकि आम जनता को यातायात संबंधी किसी प्रकार की कठिनाई का सामना न करना पड़े। जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क है और किसी भी परिस्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार है।




