नाहन : बनोग–धार क्यारी–जाबल का बाग सड़क को शीघ्र बहाल किया जाए, जनता को राहत दिलाना प्रशासन की प्राथमिकता हो : डॉ. राजीव बिंदल
अक्स न्यूज लाइन नाहन 22 जुलाई :
भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने नाहन विधानसभा क्षेत्र की महत्वपूर्ण नाहन–बनोग–धार क्यारी–जाबल का बाग सड़क को सेना द्वारा बंद किए जाने के विरोध में ग्राम पंचायत नाहन के प्रतिनिधिमंडल के साथ उपायुक्त सिरमौर को ज्ञापन सौंपा। उन्होंने जिला प्रशासन से इस विषय में तत्काल हस्तक्षेप करते हुए सेना के साथ समन्वय स्थापित कर सड़क को शीघ्र बहाल करने की मांग की।
डॉ. बिंदल ने उपायुक्त प्रियंका वर्मा से कहा कि यह सड़क केवल एक मार्ग नहीं, बल्कि ग्राम पंचायत नाहन एवं आसपास के हजारों लोगों की जीवनरेखा है। इसके बंद होने से विद्यार्थियों, कर्मचारियों, किसानों, व्यापारियों, मरीजों तथा आम नागरिकों को रोजमर्रा के आवागमन में भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि जनता को अनावश्यक परेशानी से बचाने के लिए प्रशासन को प्राथमिकता के आधार पर समाधान निकालना चाहिए।
डॉ. बिंदल ने कहा कि इस सड़क के निर्माण के लिए उन्होंने एक दशक तक लगातार संघर्ष किया औऱ भारत सरकार के रक्षा मंत्रालय ने अगस्त 2022 में इस सड़क के लिए स्वीकृति प्रदान की थी। इसके बाद लोगों को वर्षों पुरानी समस्या से राहत मिली थी, लेकिन अब सड़क को पुनः बंद किए जाने से क्षेत्रवासियों में गहरी निराशा और चिंता का माहौल है।
उन्होंने कहा कि सेना द्वारा सड़क पर दो स्थानों पर ड्रम लगाकर आवागमन बाधित कर दिया गया है, जिससे स्थानीय लोगों का आवागमन प्रभावित हुआ है।
डॉ. बिंदल ने कहा कि जिला प्रशासन को शीघ्र सेना के अधिकारियों के साथ बैठक कर इस विषय का स्थायी एवं सर्वमान्य समाधान निकालना चाहिए। उन्होंने विश्वास जताया कि प्रशासन जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए सकारात्मक पहल करेगा और हजारों लोगों की इस गंभीर समस्या का जल्द समाधान सुनिश्चित करेगा।
ज्ञापन सौंपने के दौरान ग्राम पंचायत नाहन की प्रधान सुषमा सैनी, उपप्रधान अनिल जोशी, बीडीसी सदस्य देवयानी थापा, पूर्व उपप्रधान जय प्रकाश, कैप्टन कुलदीप, कैप्टन हुसैन, वार्ड सदस्य, पंचायत प्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे। सभी ने एक स्वर में सड़क को शीघ्र बहाल करने की मांग उठाई और प्रशासन से त्वरित कार्रवाई की अपेक्षा व्यक्त की।



