नाहन : यूको आरसेटी की जिला स्तरीय समीक्षा समिति एवं जिला सलाहकार समिति की त्रैमासिक बैठक आयोजित....

नाहन : यूको आरसेटी की जिला स्तरीय समीक्षा समिति एवं जिला सलाहकार समिति की त्रैमासिक बैठक आयोजित....
Ad 2 Ad 5 Ad 6 Ad 9
Ad 5 Ad 6 Ad 7 Ad 9
Ad 5 Ad 6 Ad 7 Ad 9

 अक्स न्यूज लाइन नाहन 24  जून :
उपायुक्त सिरमौर प्रियंका वर्मा ने यूको ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान सिरमौर (यूको आरसेटी) की जिला स्तरीय समीक्षा समिति एवं जिला सलाहकार समिति की त्रैमासिक बैठक की अध्यक्षता करते हुए वार्षिक ऋण योजना 2025-26 के अंतर्गत मार्च-2026 को समाप्त तिमाही में हुई प्रगति की समीक्षा, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन, प्रधानमंत्री स्वनिधि, प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम, प्रधानमंत्री जन धन योजना व प्रधानमंत्री जन सुरक्षा योजना, वाई.एस.परमार विद्यार्थी ऋण योजना, महिला विकास निगम योजना, जिला उद्योग केंद्र द्वारा बैंकों को भेजे गए मामलों, की मार्च-2026 तक की समीक्षा की।
बैठक के दौरान उपायुक्त ने समिति को कृषि तथा कृषि आधारित क्षेत्र में लक्ष्य प्राप्ति में बढ़ौतरी के निर्देश दिए। उन्होंने जिला समन्वयकों से अपनी शाखाओं में लबित मामलों को भी शीघ्र निपटारा करने के लिए कहा।
बैठक में समिति द्वारा अवगत करवाया कि सिरमौर जिला में पीएम किसान लाभग्राही की कुल संख्या 53214 है जिसमें 39880 किसानों को केसीसी लाभ प्रदान किया जा चुका है। उन्होंने बताया कि तिमाही के दौरान 339 वितिय साक्षरता शिविर लगाए गये है। उपायुक्त ने बैंकों को जिला के दूर दराज क्षेत्रों में भी वित्तीय जागरूकता शिविर लगाने के निर्देश दिए। उपायुक्त ने प्रधानमंत्री जन धन योजना तथा प्रधानमंत्री जन सुरक्षा योजना की प्रगति को देखते हुए जिला की सभी ग्राम पंचायतों में जन सुरक्षा कैंप लगाने के लिए कहा ताकि लोगों की जागरूकता के साथ-साथ इन योजनाओं को भी गति प्रदान की जा सके।
उपायुक्त ने कहा कि कम आबादी वाले ग्रामीण क्षेत्रों में भी बैंकिंग सुविधाओं को उपलब्ध करवाना सुनिश्चित करें। सभी बैंक ऋण आबटन के निर्धारित लक्ष्यों को समयबद्ध पूरा करें ताकि लोगों को स्वरोजगार के क्षेत्र में अधिक से अधिक लाभ मिल सके। उन्होंने कहा कि सभी बैंक एटीएम व बैंक परिसर में भी सुरक्षा के व्यापक प्रबंध सुनिश्चित बनाए तथा सीसीटीवी कैमरों का बैकअप कम से कम 6 माह तक सुरक्षित रखें।
यूको आरसेटी की बैठक की अध्यक्षता करते हुए उपायुक्त ने कहा कि यूको आरसेटी अपने प्रशिक्षण कार्यक्रम के तहत ब्यूटी पार्लर, मधुमक्खी पालन, जूट बैग, फास्ट फूड, खिलौने निर्माण, पापड, अचार बनाना, डेयरी फार्मिंग और वर्मी कम्पोस्ट बनाना, टेलरिंग, बैंक मित्र वस्त्र चित्र कला उद्यमी, कृषि उद्यमी सहित विभिन्न ट्रेडों में निशुल्क आवासीय प्रशिक्षण प्रदान कर रहा है। उन्होंने कहा कि संस्थान में विभिन्न ट्रेडों में दिए जा रहे निशुल्क रोजगार सम्बन्धी प्रशिक्षण का लाभ युवा वर्ग को उठाना चाहिए।
उन्होंने कहा कि संस्थान में लगने वाले सभी प्रशिक्षण शिविरों की समय पर पात्र युवाओं को जानकारी उपलब्ध करवाना सुनिश्चित बनाया जाये। उन्होंने बैंकों से सरकारी योजनाओं के तहत पात्र लाभार्थियों के आवेदनों को शीघ्र स्वीकृति प्रदान करने तथा उदारपूर्वक ऋण उपलब्ध करवाने के लिए कहा।
उन्होंने कहा कि जब भी आरसेटी द्वारा प्रशिक्षण शिविरों का आयोजन किया जाता है तो सभी विभाग अपने विभाग की स्वरोजगार सम्बन्धी विभिन्न योजनाओं की जानकारी प्रशिक्षुओं को प्रदान करना सुनिश्चित बनायें।
यूको ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान की निदेशक नवजोत कौर ने बताया कि यूको आरसेटी द्वारा जनवरी, 2026 से अप्रैल, 2026 के दौरान विभिन्न प्रशिक्षण शिविरों के माध्यम से 358 युवक-युवतियों को प्रशिक्षण प्रदान किया गया है।
अग्रणी जिला प्रबंधक सिरमौर सनोज कुमार सिंह ने बैठक का संचालन करते हुए तिमाही की प्रगति की जानकारी प्रदान की। उन्होंने उपायुक्त को आश्वस्त किया कि विभिन्न सरकारी योजनाओं के तहत जितने भी लक्ष्य बैंकों के लिए निर्धारित किये गये हैं उन्हें पूरा करने का प्रयास किया जायेगा।
बैठक में भारतीय रिजर्व बैंक के एलडीओ राहुल जोशी, एजीएम नाबार्ड विक्रम जीत सिंह, निदेशक यूको आरसेटी नवजोत कौर एलडीएम के सनोज कुमार, उप निदेशक उद्यान डा. एस. के. बख्शी उप निदेशक कृषि साहिब सिंह, जिला कार्यक्रम अधिकारी आईसीडीएस पवन कुमार, प्रधानाचार्य आईटीआई नाहन अशरफ अली तथा संबंधित विभागों के अधिकारियों के अलावा विभिन्न बैंकों के अधिकारी व प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
ं