नाहन : सैनिक मुकेश कुमार सैन्य सम्मान से पंच तत्व में विलीन,सैंकड़ो नम आंखों ने दी विदाई...
अक्स न्यूज लाइन नाहन 22 मई :
भारतीय सेना की 156 फील्ड रेजिमेंट गनर मुकेश कुमार आज पंचतत्व में विलीन हो गए। शुक्रवार सुबह उनका पार्थिव शरीर सेना के विशेष वाहन में उनके पैतृक गाँव टोका नगला पहुँचा,वैसे ही पूरे गाँव में मातम पसर गया।
जवान की अंतिम यात्रा उनके पैतृक गाँव से शुरू होकर बाता नदी के तट पर पहुँची। अंतिम यात्रा के दौरान पूरे रास्ते में भारी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे। 'भारत माता की जय' और 'गनर मुकेश कुमार अमर रहे' के गगनभेदी नारों से पूरा इलाका गूंज उठा।
श्मशान घाट पर भारतीय सेना के जवानों की टुकड़ी ने पूरे सैन्य प्रोटोकॉल के साथ अंतिम विदाई दी। सेना के जवानों ने सलामी दी । मातमी धुन बजाकर गनर मुकेश कुमार को गार्ड ऑफ ऑनर दिया। इसके बाद पूरे राजकीय और सैन्य सम्मान के साथ उनके पार्थिव शरीर को मुखाग्नि दी गई। माता-पिता और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था, जिन्हें ढांढस बंधाने के लिए हर आँख नम दिखी।
भूतपूर्व सैनिक संगठन पांवटा साहिब व शिलाई के पदाधिकारियों सहित स्थानीय प्रशासन और वन विभाग के अधिकारी भी मौजूद रहे। पूर्व सैनिक संगठन की ओर से कैप्टन नारायण सिंह बिरसानटा, कैप्टन मामराज चौहान, सचिव ओम प्रकाश चौहान और कोषाध्यक्ष इंदर सिंह ने जवान के पार्थिव शरीर पर पुष्पचक्र अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी।
गौरतलब है कि 28 वर्षीय जांबाज सैनिक मुकेश कुमार, जो 2015 में सेना में भर्ती हुए थे, हाल ही में 30 दिन की छुट्टी पर घर आए थे। बीते कल खेत में काम करते समय वह अचानक 11 केवी हाई वोल्टेज बिजली लाइन की चपेट में आने सेमौत हो गई थी।









