जनता का यह विश्वास और निष्ठा के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणाः मुख्यमंत्री
श्री सुक्खू ने कहा कि कांग्रेस पार्टी समानता, संतुलित विकास और समाज के हर वर्ग के कल्याण की विचारधारा में विश्वास रखती है और यही सिद्धांत राज्य सरकार की कार्यशैली का आधार है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा धर्म और जाति के आधार पर समाज को विभाजित करने की राजनीति करती है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी ने वर्ष 2022 के विधानसभा चुनाव के दौरान किए गए सभी वादों को पूरा किया है और गारंटियों से आगे बढ़कर कार्य किया है। उन्होंने कहा कि महिलाओं, मजदूरों और समाज के हाशिए पर खड़े वर्गों के कल्याण के लिए अनेक योजनाएं शुरू की गई हैं और उन्हें प्रभावी ढंग से लागू किया। शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में व्यापक सुधार किए गए हैं, जिनके सकारात्मक परिणाम अब सामने आने लगे हैं।
उन्होंने कहा कि ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए कांग्रेस सरकार ने गंभीर प्रयास किए हैं। उन्होंने कहा कि दूध के समर्थन मूल्य में ऐतिहासिक वृद्धि की गई है। इसके अतिरिक्त प्राकृतिक रूप से उगाई जाने वाली मक्की, गेहूं, जौ, कच्ची हल्दी और अदरक को भी समर्थन मूल्य प्रदान किया जा रहा है। प्रदेश में किसान आयोग का गठन किया गया है, जबकि सेब बागवानों की वर्षों से चली आ रही मांग को पूरा करते हुए यूनिवर्सल कार्टन व्यवस्था लागू की गई है। मुख्यमंत्री ने कहा कि इन सभी कदमों से किसानों और बागवानों का कल्याण सुनिश्चित हुआ है तथा प्रदेश की ग्रामीण अर्थव्यवस्था को नई मजबूती मिली है।
उन्होंने नगर निकाय चुनावों में विजयी सभी उम्मीदवारों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि अब सभी को मिलकर हिमाचल प्रदेश को आत्मनिर्भर, सशक्त और समृद्ध बनाने की दिशा में कार्य करना होगा।









