अक्स न्यूज लाइन केलांग, 28 मई,2026 :
.उपायुक्त एवं जिला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत) लाहौल स्पीति किरण भड़ाना ने पंचायती राज चुनाव के द्वितीय चरण के दौरान गा्रम पंचायत यूरनाथ के पिंक पोलिंग बूथ व मतगणना केंद्र का निरीक्षण किया और अपनी उपस्थिति में प्रधान व उप-प्रधान पद की मतगणना सम्पन्न करवाई। यूरनाथ पंचायत में छिमेद दोरजे ने सबसे अधिक 149 मत प्राप्त कर प्रधान पद के लिए तथा सुशील 233 मत प्राप्त कर उप-प्रधान पद के लिए चयनित हुए। उन्होंने बताया कि पंचायती राज संस्थाओं के आम चुनाव-2026 के अंतर्गत दिनांक 28 मई 2026 को विकास खण्ड लाहौल के अंतर्गत 12 ग्राम पंचायतों के विभिन्न वार्डों में मतदान प्रक्रिया शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हुई। मतदान केंद्रों पर सुबह से ही मतदाताओं में भारी उत्साह देखने को मिला तथा पुरुष एवं महिला मतदाताओं ने बढ़-चढ़कर अपने मताधिकार का प्रयोग किया। उन्होंने बताया कि द्वितीय चरण के तहत कुल 68.53 प्रतिशत मतदान हुआ। प्राप्त जानकारी के अनुसार कुल 6270 मतदाता पंजीकृत थे, जिनमें 3143 पुरुष एवं 3127 महिला मतदाता शामिल हैं। दोपहर 3 बजे तक कुल 4297 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया, जिनमें लगभग 2210 पुरुष एवं 2087 महिला मतदाता शामिल रहे।
उन्होंने बताया कि ग्राम पंचायत सलग्रां में 68.29, चिमरेट में 67.37, उदयपुर में 75.25, थिरोट में 74.46, जुण्डा में 74.23, जोबरंग में 72.20, वारपा में 62.50, गौशाल में 71.15, गोंधला में 68.67, कोलोंग में 58.49, सिस्सू में 67.93, युरनाथ में 70.30 प्रतिशत मतदान दर्ज हुआ।
मतदान प्रक्रिया के दौरान सभी मतदान केंद्रों पर आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई थीं। चुनाव ड्यूटी में तैनात अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने मतदान प्रक्रिया को शांतिपूर्ण एवं सुचारू रूप से संपन्न करवाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। सुरक्षा व्यवस्था भी पूरी तरह चाक-चौबंद रही।
इस दौरान रिटर्निंग अधिकारी पंचायत विवेक गुलेरिया उपस्थित रहे।