अक्स न्यूज लाइन शिमला 20 मई :
भाजपा सांसद सुरेश कश्यप ने राहुल गांधी के बयान को बेहद दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए कहा कि यह उनकी राजनीतिक हताशा और निराशा को दर्शाता है। भारतीय राजनीति हमेशा मर्यादा, सम्मान और लोकतांत्रिक मूल्यों पर आधारित रही है, लेकिन राहुल गांधी लगातार अपनी भाषा और व्यवहार से इन परंपराओं को कमजोर करने का काम कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी लगातार चुनाव हार रही है और जनता बार-बार राहुल गांधी की राजनीति को नकार रही है। यही कारण है कि अब उनकी हताशा उनके बयानों में साफ दिखाई देती है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रति अपमानजनक शब्दों का प्रयोग कर राहुल गांधी ने केवल एक व्यक्ति का नहीं बल्कि देश की 140 करोड़ जनता का अपमान किया है।
सुरेश कश्यप ने कहा कि कांग्रेस के शासनकाल में देश भ्रष्टाचार, घोटालों और कमजोर नेतृत्व का प्रतीक बन गया था। लेकिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत आज सुरक्षित, आत्मनिर्भर और विश्व में सम्मानित राष्ट्र के रूप में उभरा है। आतंकवाद और नक्सलवाद पर कड़ा प्रहार हुआ है, सीमाएं सुरक्षित हुई हैं और भारतीय सेना का सम्मान पूरी दुनिया में बढ़ा है।
उन्होंने राहुल गांधी से सवाल किया कि क्या आतंकवाद खत्म करना गद्दारी है? क्या देश की सीमाओं की रक्षा करना गद्दारी है? क्या तिरंगे का सम्मान दुनिया में बढ़ाना गद्दारी है? भाजपा राष्ट्रहित और राष्ट्र प्रथम की भावना से काम करती है और देश की जनता हर बार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व पर भरोसा जता रही है।