अक्स न्यूज लाइन शिमला 20 मई :
भाजपा सांसद अनुराग ठाकुर ने कहा कि राहुल गांधी का बयान कांग्रेस पार्टी की मानसिक दिवालियापन का परिचायक है। कांग्रेस आज पूरी तरह से हताशा और भ्रम की राजनीति कर रही है। जनता से लगातार हार मिलने के बाद राहुल गांधी लोकतांत्रिक मर्यादाएं भूल चुके हैं और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का अपमान करके राजनीतिक लाभ लेना चाहते हैं।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस के शासनकाल में देश घोटालों और भ्रष्टाचार से घिरा रहा। 2G, कोयला घोटाला, कॉमनवेल्थ और अनेक भ्रष्टाचार के मामलों ने देश की छवि को नुकसान पहुंचाया। वहीं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत ने विकास, सुशासन और राष्ट्रीय सुरक्षा के क्षेत्र में ऐतिहासिक उपलब्धियां हासिल की हैं।
अनुराग ठाकुर ने कहा कि आज भारत दुनिया की बड़ी अर्थव्यवस्थाओं में शामिल है। सेना को आधुनिक संसाधन मिले हैं, आतंकवाद पर निर्णायक कार्रवाई हुई है और दुनिया भारत की ताकत को स्वीकार कर रही है। लेकिन कांग्रेस पार्टी को देश की यह प्रगति स्वीकार नहीं हो रही।
उन्होंने कहा कि राहुल गांधी को सेना, लोकतंत्र और प्रधानमंत्री का अपमान करने के बजाय आत्ममंथन करना चाहिए कि आखिर जनता कांग्रेस पर भरोसा क्यों नहीं कर रही। देश की जनता राष्ट्रवाद, विकास और मजबूत नेतृत्व के साथ खड़ी है।