नाहन : आरसेटी का 35 दिवसीय ब्यूटी पार्लर प्रशिक्षण कार्यक्रम सम्पन्न...
यूको आरसेटी का 35 दिवसीय ब्यूटी पार्लर प्रशिक्षण कार्यक्रम आज सम्पन्न हो गया। इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में कुल 25 प्रशिक्षुओं ने प्रशिक्षण प्राप्त किया। कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं को कौशल विकास के माध्यम से स्वरोजगार एवं आत्मनिर्भरता की दिशा में प्रोत्साहित करना था। समापन समारोह में विभिन्न विभागों से गणमान्य अतिथियों ने भाग लिया। मुख्य अतिथियों में सुरेंद्र प्रकाश, प्रबंधक, डीआईसी नाहन, राम कृष्ण, अकाउंटेंट, जल शक्ति विभाग, नाहन तथा सनोज कुमार सिंह, एलडीएम सिरमौर उपस्थित रहे। सभी अतिथियों ने प्रशिक्षुओं को स्वरोजगार अपनाने एवं अपने कौशल का बेहतर उपयोग करने के लिए प्रेरित किया।
प्रशिक्षण कार्यक्रम में डीएसटी के रूप में उपमा धीमान उपस्थित रहीं। डोमेन असेसर हिमानी रघुवंशी तथा ईडीपी असेसर राकेश कुमार वर्मा ने प्रतिभागियों का मूल्यांकन किया एवं उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। आरसेटी निदेशक मनजीत ने अपने प्रेरणादायक संबोधन में प्रशिक्षुओं को मेहनत, लगन एवं आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने बताया कि आरसेटी द्वारा संचालित प्रशिक्षण कार्यक्रम ग्रामीण युवाओं एवं महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। समारोह में आरसेटी का समस्त स्टाफ भी उपस्थित रहा।
इसके अतिरिक्त आरसेटी सिरमौर में महिलाओं हेतु सिलाई प्रशिक्षण (Women's Tailoring) का नया वैच दिनांक 28-05-2026 से प्रारंभ होने जा रहा है। इच्छुक अभ्यर्थी शीघ्र अपना नामांकन करवाएं। प्रशिक्षण हेतु आयु सीमा 18 से 50 वर्ष निर्धारित की गई है, जो ग्रामीण विकास मंत्रालय (Ministry of Rural Development) द्वारा निर्धारित मानकों के अनुसार है। प्रशिक्षण के दौरान निःशुल्क आवास एवं भोजन की सुविधा उपलब्ध रहेगी तथा प्रशिक्षण एनसीबीईटी (NCVET) प्रमाणित होगा।









