नाहन : गेहूं की सरकारी खरीद 08 अप्रैल से आरंभ, 2585 रुपये प्रति क्विंटल एमएसपी निर्धारित
अक्स न्यूज लाइन नाहन,17 मार्च :
यह जानकारी उप निदेशक कृषि ने देते हुए बताया कि किसानों को अपनी उपज बेचने के लिए राज्य सरकार के पोर्टल https://hpappp.gov.in पर ऑनलाइन पंजीकरण करवाना अनिवार्य होगा। उन्होंने बताया कि पंजीकरण की प्रक्रिया 01 मार्च से शुरू की जा चुकी है। किसान इस पोर्टल पर पंजीकरण स्वयं अथवा नजदीकी लोकमित्र केंद्र/सीएससी के माध्यम से कर सकते है। बिना पंजीकरण के खरीद केंद्रों पर गेहूं की बिक्री संभव नहीं होगी। उन्होंने बताया कि पंजीकरण के समय किसानों को आधार कार्ड, बैंक खाता विवरण, भूमि संबंधित दस्तावेज(जमाबंदी/ततीमा) तथा मोबाइल नंबर ओटीपी सत्यापन हेतु दस्तावेज व जानकारी उपलब्ध करवानी होगी।
उन्होंने किसानों से अपील की है कि वह अपनी गेहूं की फसल को अच्छी तरह साफ करके एवं निर्धारित गुणवत्ता मानकों के अनुरूप ही खरीद केंद्रों पर लाएं। गेहूं में नमी की मात्रा निर्धारित सीमा के भीतर होनी चाहिए तथा अनाज में मिट्टी, कंकड़, भूसा आदि की मिलावट नहीं होनी चाहिए। इसके अतिरिक्त उन्होंने किसानों को सलाह दी है कि वह कटाई एवं मड़ाई के दौरान सावधानी बरतें तथा बारिश व नमी से फसल को सुरक्षित रखें। अपनी उपज को सूखे एवं सुरक्षित स्थान पर भंडारित करें ताकि गुणवत्ता बनी रहे और उन्हें उपज का अधिकतम मूल्य प्राप्त हो सके।




