नाहन: सैनवाला जमा दो स्कूल के आयुष का चयन इंस्पायर मानक स्कीम में...
राजकीय जमा दो स्कुल सैनवाला, तहसील नाहन, जिला सिरमौर के जमा एक के छात्र आयुष का चयन
इंस्पायर मानक स्कीम सत्र 2025-26 के लिए हुआ है। आयुष की इस उपलब्धि से विद्यालय में खुशी का माहौल है। विद्यालय के प्रिंसिपल अयूब खान ने जानकारी देते हुए बताया कि आयुष का इस प्रतिष्ठित योजना के लिए चयन होना विद्यालय के लिए गर्व और हर्ष का विषय है। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि न केवल आयुष की मेहनत और लगन का परिणाम है, बल्कि विद्यालय के शिक्षकों के मार्गदर्शन का भी प्रतिफल है।
खान ने बताया कि आयुष ने कचरा पृथक्करण विषय पर अपना अभिनव प्रपोजल शिक्षा विभाग को भेजा था।
प्रिंसिपल ने बताया कि इस प्रपोजल का चयन भारत सरकार के विज्ञान एवं प्रद्योगिकी मंत्रालय द्वारा इंस्पायर मानक स्कीम में तहत किया गया है।
इस योजना का उद्देश्य विद्यार्थियों में वैज्ञानिक सोच, नवाचार और शोध की भावना को प्रोत्साहित करना है, ताकि वे समाज की समस्याओं के समाधान के लिए नए विचार प्रस्तुत कर सकें।
इस यन के अंतर्गत आयुष को विभाग की ओर से ₹10,000 की प्रोत्साहन राशि प्रदान की जाएगी। इस राशि का उपयोग वह अपने प्रोजेक्ट से संबंधित मॉडल तैयार करने के लिए करेगा, जिसे वह आगे जिला स्तरीय
इंस्पायर मानक स्कीम प्रतियोगिता में प्रस्तुत करेगा। यह राशि विभाग द्वारा डीबीटी के माध्यम से सीधे आयुष के बैंक खाते में जमा की जाएगी।
विद्यालय परिवार को विश्वास है कि आयुष अपनी इस उपलब्धि को आगे भी जारी रखते हुए जिला, राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर भी विद्यालय तथा क्षेत्र का नाम रोशन करेगा।
आयुष की इस उपलब्धि पर विद्यालय की समस्त स्कूल प्रबंधन समिति (एसएमसी) सैनवाला, प्रधानाचार्य अयूब खान तथा सभी अध्यापक व स्टाफ सदस्यों ने उसे हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएँ दी हैं और उसके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।




