सीमावर्ती ग्राम पंचायत ठंगी के गावं लम्बर में 2 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित बैली ब्रिज का किया लोकार्पण
अक्स न्यूज लाइन केलांग, 15 जून :
राजस्व, बागवानी, जनजातीय विकास एवं जन-शिकायत निवारण मंत्री श्री जगत सिंह नेगी ने आज सीमावर्ती ग्राम पंचायत ठंगी के गांव लम्बर में 2 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित बैली ब्रिज का लोकार्पण किया।
बागवानी मंत्री ने ग्रामवासियों को सम्बोधित करते हुए कहा कि वर्तमान राज्य सरकार विकास के लिए प्रतिबद्ध है और हर वर्ग के कल्याण के लिए कार्य कर रही है तथा द्वेष और दुर्भावना के बगैर हर वर्ग के कल्याण के लिए प्रदेश सरकार समर्पित है।
कैबिनेट मंत्री ने बताया कि वर्तमान प्रदेश सरकार ने प्रदेश ने 2023 में आपदा राहत मैनुअल में संशोधन कर आपदा प्रभावित परिवारों को पूर्ण रूप से क्षतिग्रस्त घरों के लिए 7 लाख की धनराशि प्रदान की ताकि कठिन परिस्थितियों में किसी भी परिवार को आर्थिक संकट का सामना न करना पडें। उन्होंने बताया कि सूचना का अधिकार अधिनियम-2005, वन अधिकार अधिनियम-2006, शिक्षा का अधिकार अधिनियम-2009 तत्कालीन स्वर्गीय प्रधानमंत्री डॉ मनमोहन सिंह की देन है तथा नौतोड अधिनियम-1968 जिससे हिमाचल प्रदेश में उपेक्षित एवं भूमिहीनों को जमीन का मालिकाना हक मिला है जो कि प्रदेश के पहले मुख्यमंत्री स्वर्गीय यशवंत सिंह परमार की देन है।
राजस्व मंत्री ने कहा कि जिला किन्नौर पर्यटन की दृष्टि से अहम है श, वहीं सामरिक दृष्टि से भी महत्वपूर्ण स्थान है। बॉर्डर-टूरिज्म को खोलने से जहां पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा, वहीं सेना के लिए भारत की सीमा तक का सफर कम होगा और बॉर्डर-टूरिज्म में इज़ाफा होगा। इसके अलावा युवाओं को रोजगार व स्वरोजगार के अवसर भी प्राप्त होंगे।
राजस्व मंत्री ने बताया कि प्रदेश में शिक्षा का स्तर बेहतर बनाने तथा विद्यार्थियों को गुणात्मक शिक्षा प्रदान करने की दिशा में राज्य सरकार द्वारा इस वर्ष से पहली से आठवीं कक्षा तक अंग्रेजी मीडियम में शिक्षा उपलब्ध करवाई जा रही है। इसके अलावा विद्यालयों में शिक्षा से संबंधित नवीनतम उपकरण प्रदान किए गए हैं तथा शिक्षकों को भी गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षण प्रदान किया जा रहा है ताकि शिक्षा के क्षेत्र में हमारा हिमाचल श्रेष्ठ बन सके।
कैबिनेट मंत्री ने दुर्गम सीमावर्ती ग्राम पंचायत कुन्नू चारंग में स्थानीय लोगों की जन समस्याएं सुनी और उपस्थित अधिकारियों को उनके त्वरित समाधान के निर्देश दिए। उन्होंने स्थानीय लोगों को आश्वासन दिया कि वर्तमान प्रदेश सरकार दलगत राजनीति से ऊपर उठकर हर वर्ग एवं हर क्षेत्र के विकास के लिए कटिबद्ध है।
जन-जातीय विकास मंत्री ने लोगों को आश्वासन दिया कि मूरंग से कुनू चारंग सड़क को सीमा सड़क संगठन को सौंप दिया जाएगा ताकि यह सड़क का उचित रखरखाव संभव हो सके।
जनसभा के पश्चात सर्मीवती गांव चारंग के लिए पूह से चारंग जाने वाली बस को लम्बर गावं में हरी झडी दिखा कर रवाना किया।
इस अवसर पर जिला परिषद सदस्य मूरंग वार्ड उमेश कुमारी नेगी, किनेफैड के अध्यक्ष चन्द्र गोपाल नेगी, जनजातीय सलाहकार समिति के सदस्य डॉ सूर्या बोरिस, ए0पी0एम0सी0 के निदेशक प्रेम नेगी, ब्लॉक कांग्रेस कमेटी कल्पा के अध्यक्ष प्रीतम नेगी, पूह ब्लॉक कांग्रेस कमेटी केे सचिव अधिवक्ता निर्मल चंद्र नेगी, जे0एस0 डव्लु के परियोजना प्रमुख विकास भारद्वाज, कार्यकारी जिला दण्डाधिकारी पूह घनश्याम दास शर्मा, उप-पुलिस अधीक्षक उमेश्वर राणा, जे0एस0 डव्लु सी0एस0आर0 के प्रमुख दीपक डेविड, पंचायत प्रधान ठंगी बंसी लाल सहित गा्रमवासी उपस्थित रहें।
..000...









