अक्स न्यूज लाइन केलांग 13 मई 2026 :
जिला प्रशासन लाहौल–स्पीति और सीमा सड़क संगठन (बीआरओ) की 70 आरसीसी इकाई के संयुक्त प्रयासों से 16 हजार फीट से अधिक ऊंचाई वाले बारालाचा-ला दर्रे से होकर गुजरने वाले दर्चा–सर्चू मार्ग को हल्के मोटर वाहनों (एलएमवी) के लिए खोल दिया गया है। लंबे समय तक बर्फबारी और प्रतिकूल मौसम के बावजूद प्रशासन और बीआरओ ने युद्धस्तर पर कार्य करते हुए सड़क को यातायात योग्य बनाया।
उपायुक्त एवं अध्यक्ष जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण, लाहौल–स्पीति किरण भड़ाना ने जानकारी देते हुए बताया कि तीन दिन के भीतर यातायात सुचारू रूप से चलने की स्थिति में में भारी वाहनों की आवाजाही भी बहाल कर दी जाएगी। उन्होंने कहा कि इस वर्ष बारालाचा और शिंकुला—दोनों महत्वपूर्ण दर्रों को यातायात के लिए खोलने की दिशा में तेजी से कार्य हुआ है, जो क्षेत्र के लिए बड़ी उपलब्धि है।
उन्होंने बताया कि पुलिस विभाग को पूरे मार्ग पर यातायात प्रबंधन और निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि यात्रियों की सुरक्षा बनी रहे और किसी भी आपात स्थिति में त्वरित सहायता उपलब्ध करवाई जा सके।
उपायुक्त ने कहा कि दारचा-सरचू मार्ग खुलने से पर्यटन गतिविधियों को नया प्रोत्साहन मिलेगा। मनाली–लेह मार्ग खुलते ही बड़ी संख्या में पर्यटक लाहौल होते हुए लेह की ओर जाते हैं, जिससे लाहौल क्षेत्र में होटल, होम-स्टे, ढाबा, टैक्सी और अन्य स्थानीय व्यवसायियों को सीधा लाभ पहुंचता है। सीमित पर्यटन सीजन वाले इस जनजातीय जिले में समय पर मार्ग खुलना स्थानीय अर्थव्यवस्था के लिए बेहद महत्वपूर्ण है।
जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ने पर्यटकों, वाहन चालकों और आम नागरिकों से अपील की है कि यात्रा शुरू करने से पहले जिला प्रशासन द्वारा जारी मौसम संबंधी अपडेट और दैनिक एडवाइजरी अवश्य देखें।