नाहन : विश्व नशा निषेध दिवस पर आदर्श संस्था द्वारा नशा जागरूकता रैली का आयोजन

नाहन : विश्व नशा निषेध दिवस पर आदर्श संस्था द्वारा नशा जागरूकता रैली का आयोजन
Ad 2 Ad 5 Ad 6 Ad 9
Ad 5 Ad 6 Ad 7 Ad 9
Ad 5 Ad 6 Ad 7 Ad 9

अक्स न्यूज लाइन नाहन 26  जून :
विश्व नशा निषेध दिवस के अवसर पर आदर्श (Association for Anti Drug Abuse, Rehabilitation and Saviour of Humanity), हिमाचल प्रदेश द्वारा नाहन में नशे के विरुद्ध एक भव्य जन-जागरूकता रैली का आयोजन किया गया। रैली का उद्देश्य युवाओं एवं आमजन को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना तथा नशा मुक्त समाज के निर्माण का संदेश देना था।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि योगेश गुप्ता रहे। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि नशे के विरुद्ध लड़ाई केवल सरकार या प्रशासन की नहीं, बल्कि पूरे समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहकर शिक्षा, खेल एवं सकारात्मक गतिविधियों से जुड़ने का आह्वान किया तथा आदर्श संस्था के इस अभियान की सराहना की।

रैली में बड़ी संख्या में स्कूली विद्यार्थियों, युवाओं, सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं संस्था के सदस्यों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतिभागियों ने हाथों में नशा विरोधी बैनर एवं तख्तियां लेकर शहर में जागरूकता रैली निकाली तथा लोगों को नशे से दूर रहने का संदेश दिया।

इस अवसर पर आदर्श संस्था के नरेंद्र थापा ने कहा कि नशा समाज और युवाओं के भविष्य के लिए गंभीर चुनौती है। जन-जागरूकता एवं सामूहिक प्रयासों से ही इस सामाजिक बुराई को समाप्त किया जा सकता है।

राज्य अध्यक्ष अमरजीत परमार ने कहा कि संस्था प्रदेशभर में नशा उन्मूलन के लिए निरंतर जागरूकता अभियान चला रही है और भविष्य में भी ऐसे कार्यक्रम आयोजित किए जाते रहेंगे।

इस अवसर पर नरेंद्र थापा, शिव राज शर्मा, राकेश थापा, वीरेंद्र पासी, अंबरीश कंवर, अमित अत्री एवं संजय चौहान सहित संस्था के अन्य पदाधिकारी, सदस्य एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

रैली के दौरान प्रतिभागियों ने “हिमाचल को जगाना है, नशे को दूर भगाना है” तथा “Say No to Drugs” जैसे नारों के माध्यम से नशा मुक्त समाज का संदेश दिया। कार्यक्रम का समापन सभी प्रतिभागियों द्वारा नशा मुक्त हिमाचल के निर्माण का संकल्प लेने के साथ हुआ।