नाहन: जून के पहले सप्ताह में होगा नप अध्यक्षा का चुनाव,पहले शपथ होगी, निर्वाचन आयोग के निर्देशों पर प्रशासन करेगा कारवाई...
अक्स न्यूज लाइन नाहन 20 मई :
17 जून को स्थानीय निकायों के चुनाव औऱ नतीजों के बाद नाहन में सियासी दलों के बीच माथापच्ची जारी है। लेकिन नगर परिषद में नई अध्यक्षा की ताजपोशी का इंतजार अभी लंबा रहेगा।
नगर परिषद की नई अध्यक्षा का चुनाव अगले महीने जून के पहले सप्ताह में होगा। ऐसा इस लिए माना जा रहा है कि 31 मई तक तो सुबे में पंचायत के चुनाव की प्रक्रिया चल रही है।
ऐसे में यह माना जा रहा है कि चुन कर आए पार्षदों को निर्वाचन आयोग के निर्देशो के बाद जून के पहले सप्ताह में शपथ दिलाई जाएगी, इसी दिन नगर परिषद की नई अध्यक्षा की ताजपोशी होगी। शपथ के बाद सदन का कोरम पूरा होने पर ही, अध्यक्षा की चुनाव होगा। कोरम पूरा करने के लिए, 13 पार्षदों में से कोरम के लिए 10 पार्षदों का उपस्थित होना जरुरी है।
अगर पहली बार कोरम पूरा नहीं होता तो अगली मीटिंग में कोरम के लिए 10 सदस्यों की बाध्यता आवश्यक नहीं होगी। अगली मिटिंग में उपस्थित रहने वाले पार्षद नगर परिषद अध्यक्ष के चुनाव में भाग लेंगे। ऐसी भी संभावना है कि पहली बैठक में कोरम पूरा ही न हो। वर्तमान में नगर परिषद के 13 पार्षदों में 7 भाजपा व 6 कांग्रेस के समर्थन से जीत कर आए हैं।
इस चुनाव में भाजपा ने तीसरी बार बहुमत प्राप्त किया है। उधर सियासी खेल भी चल रहा है, सूत्रों के अनुसार जोड़ तोड़ की कवायदें भी जारी है लेकिन कांग्रेस- भाजपा के नेता अभी पत्ते नही खोल रहे हैं।
उपमण्डल निर्वाचन अधिकारी एंव एसडीएम नाहन राजीव संख्यान ने बताया कि चुनकर आए पार्षदों को शपथ निर्वाचन आयोग के निर्देश के बाद दिलाई जाएगी, इसी दिन नप अध्यक्षा का चुनाव होगा। अगर कोरम पूरा नहीं हुआ तो अगली बैठक में साधरण उपस्थित में यह चुनाव होगा।
एसडीएम ने बताया कि पंचायत चुनाव की प्रक्रिया 31 मई तक चलेगी ऐसे सम्भवतः नगर परिषद में शपथ व अध्यक्षा का चुनाव जून के पहले सप्ताह में हो। इसके लिए आयोग के निर्देशों अनुसार कारवाई होगी।









