राष्ट्रीय घरेलु आय सर्वेक्षण (2026-2027) के वार्षिक सर्वेक्षण के प्रशिक्षण शिविर का आयोजन
अक्स न्यूज लाइन शिमला 17 मार्च :
राष्ट्रीय सांख्यिकी कार्यालय (क्षेत्र संकार्य प्रभाग), क्षेत्रीय कार्यालय, शिमला द्वारा दिनांक 17 मार्च, 2026 को राष्ट्रीय घरेलु आय सर्वेक्षण 2026-27 के वार्षिक सर्वेक्षण पर दो दिवसीय प्रशिक्षण शिविर का आयोजन करवाया जा रहा है।
प्रशिक्षण शिविर का उद्घाटन श्री अजय कुमार कुमावत, उप निदेशक, राष्ट्रीय सांख्यिकी कार्यालय (क्षेत्र संकार्य प्रभाग) हिमाचल प्रदेश क्षेत्र ने किया। श्री कुमावत ने अपने संबोधन में बताया की इस योजना से एकत्र किए जाने वाले आंकड़ों से सरकार घरेलु आय के विभिन्न स्रोतों का आकलन करेगी जिससे उचित नीति निर्धारण तथा योजनाएं बनाने में मदद मिलेगी।
इस अवसर पर श्री अमित कुमार, सहायक निदेशक उप क्षेत्रीय कार्यालय मंडी, श्री दिवान चंद ठाकुर, सहायक निदेशक क्षेत्रीय कार्यालय शिमला, श्री रुपेश जालवाल, सहायक निदेशक उप क्षेत्रीय कार्यालय हमीरपुर व कुमारी सिमरन, सहायक निदेशक उप क्षेत्रीय कार्यालय धर्मशाला, ने भी अपने विचार सांझा किए।
प्रशिक्षण शिविर का मुख्य उदेश्य सर्वेक्षण से संबंधित परिभाषाओं एवं अवधारणाओं तथा इस योजना में एकत्र की जाने वाली जानकारी की प्रशंवालियों पर विस्तृत चर्चा करना व CAPI सॉफ्टवेयर के माध्यम से डाटा एकत्रित करने बारे प्रशिक्षण प्रदान करवाना है। श्री सहदेव, वरिष्ठ सांख्यिकी अधिकारी, राष्ट्रीय सांख्यिकी कार्यालय (क्षेत्र संकार्य प्रभाग), क्षेत्रीय कार्यालय, शिमला ने सर्वेक्षण की परिभाषाओं एवं अवधारणाओं व प्रशंवालियों पर प्रशिक्षण प्रदान किया। प्रशिक्षण शिविर में क्षेत्रीय कार्यालय शिमला तथा उप क्षेत्रीय कार्यालयों हमीरपुर, मंडी व धर्मशाला से आए अधिकारी व कर्मचारी भाग ले रहे हैं।
प्रदेश के सम्मानीय लोगों से यह आग्रह किया जाता है की वह इस सर्वेक्षण को राज्य में सफल करने हेतु सही जानकारी प्रदान कर राष्ट्रीय निर्माण में अपनी सहभागिता सुनिश्चित करें।




