राज्यपाल से हिमाचल प्रदेश लोक सेवा आयोग के अध्यक्ष और सदस्यों ने की भेंट
अक्स न्यूज लाइन शिमला 24 मार्च :
राज्यपाल कविन्द्र गुप्ता से आज लोकभवन में हिमाचल प्रदेश लोक सेवा आयोग के अध्यक्ष कैप्टन रामेश्वर सिंह ठाकुर सहित आयोग के अन्य सदस्यों ने भेंट की। बैठक के दौरान अध्यक्ष ने राज्यपाल को आयोग की वर्तमान गतिविधियों और पहलों से अवगत करवाया। उन्होंने परीक्षाओं के संचालन, भर्ती प्रक्रियाओं तथा विभिन्न सरकारी सेवाओं के लिए अभ्यार्थियों के चयन में पारदर्शिता, दक्षता और निष्पक्षता सुनिश्चित करने के लिए किए जा रहे प्रयासों पर चर्चा की। आयोग के कार्य संचालन से जुड़े विभिन्न प्रशासनिक और संस्थागत मामलों पर भी विस्तार से विचार-विमर्श किया गया।
राज्यपाल ने भर्ती प्रक्रिया में सुगमता और पारदर्शिता सुनिश्चित करने में आयोग की भूमिका की सराहना की। उन्होंने परीक्षाओं और भर्ती प्रक्रियाओं में पारदर्शिता, जवाबदेही और दक्षता बढ़ाने के लिए सूचना प्रौद्योगिकी आधारित आधुनिक प्रणालियों को अपनाने के महत्व पर बल दिया।
रियल एस्टेट नियामक प्राधिकरण के अध्यक्ष आर.डी. धीमान ने भी राज्यपाल से शिष्टाचार भेंट की।





