नाहन : कांग्रेस सरकार की गलत नीतियों से डगमगाई हिमाचल की अर्थव्यवस्था : विनय गुप्ता
अक्स न्यूज लाइन नाहन 11 फरवरी :
प्रदेश भाजपा प्रवक्ता विनय गुप्ता ने हिमाचल प्रदेश की वर्तमान कांग्रेस सरकार पर कड़ा प्रहार करते हुए कहा कि राज्य की बिगड़ती आर्थिक स्थिति के लिए पूरी तरह सरकार की नीतियां जिम्मेदार हैं। उन्होंने कहा कि बढ़ता कर्ज, लगातार बढ़ रहा राजस्व घाटा और वित्तीय कुप्रबंधन प्रदेश को गंभीर संकट की ओर ले जा रहा है।
विनय गुप्ता ने आरोप लगाया कि अपनी नाकामियों को छिपाने के लिए कांग्रेस सरकार बार-बार केंद्र सरकार पर अनावश्यक और बेबुनियाद आरोप लगा रही है, जबकि सच्चाई यह है कि आर्थिक चुनौतियों के संकेत पहले से स्पष्ट थे। उन्होंने कहा कि राजस्व घाटा अनुदान में कमी कोई अचानक लिया गया निर्णय नहीं था, बल्कि यह पूर्व निर्धारित प्रक्रिया का हिस्सा था। इसके बावजूद प्रदेश सरकार ने न तो आय के नए स्रोत विकसित किए और न ही निवेश आकर्षित करने के लिए कोई ठोस नीति बनाई। उन्होंने कहा कि जब प्रदेश आर्थिक संकट से गुजर रहा है, तब राजनीतिक नियुक्तियों, सलाहकारों और अनावश्यक खर्चों में वृद्धि समझ से परे है। सरकार को फिजूलखर्ची पर तुरंत रोक लगानी चाहिए और वित्तीय अनुशासन को प्राथमिकता देनी चाहिए।
भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि हिमाचल पर बढ़ता कर्ज आने वाली पीढ़ियों के लिए भारी बोझ साबित होगा। उन्होंने सरकार से मांग की कि वह जनता को गुमराह करने के बजाय अपनी आर्थिक नीतियों की गंभीर समीक्षा करे और ठोस सुधारात्मक कदम उठाए। केंद्रीय बजट पर प्रतिक्रिया देते हुए विनय गुप्ता ने कहा कि केंद्र सरकार विकास, आधारभूत संरचना और आर्थिक सुदृढ़ीकरण पर लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि केंद्र ने हिमाचल प्रदेश के लिए योजनाओं और परियोजनाओं में भरपूर सहयोग दिया है और भविष्य में भी विकास के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार को आरोप-प्रत्यारोप की राजनीति छोड़कर प्रदेशहित में निर्णय लेने चाहिए, क्योंकि हिमाचल की जनता अब वास्तविक स्थिति को भली-भांति समझ चुकी है।





