राजकीय महाविद्यालय धर्मशाला के टूर एंड ट्रैवल विभाग का शाहपुर के पर्यटन स्थलों पर शोध भ्रमण
राजकीय महाविद्यालय धर्मशाला के टूर एंड ट्रैवल विभाग के विद्यार्थियों का दो दिवसीय शैक्षणिक एवं शोधपरक भ्रमण शाहपुर विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न पर्यटन स्थलों पर सम्पन्न हुआ।
शाहपुर के विधायक एवं उपमुख्य सचेतक केवल सिंह पठानिया ने कॉलेज प्राचार्य प्रो. राकेश पठानिया की उपस्थिति में विद्यार्थियों को धारकण्डी क्षेत्र के लिए हरी झंडी दिखाकर रवाना किया था । इस अवसर पर विधायक केवल सिंह पठानिया ने कहा कि शाहपुर क्षेत्र प्राकृतिक सौंदर्य और पर्यटन संभावनाओं से भरपूर है। यह भ्रमण विद्यार्थियों को पर्यटन के व्यावहारिक पहलुओं को समझने और पर्यटन विकास के लिए नए विचार प्रस्तुत करने का अवसर प्रदान करेगा। उन्होंने कहा कि बेहतर और नवाचारपूर्ण सुझाव देने वाले विद्यार्थियों को विधानसभा सत्र के दौरान सम्मानित भी किया जाएगा।
भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों ने सल्ली घाटी, बोह घाटी और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में जाकर ग्रामीण पर्यटन, सांस्कृतिक विरासत और धार्मिक पर्यटन से जुड़े विभिन्न पहलुओं का अध्ययन किया। सल्ली घाटी पहुंचने पर स्थानीय लोगों द्वारा विद्यार्थियों का ढोल-नगाड़ों के साथ पारंपरिक स्वागत किया गया। इस दौरान विद्यार्थियों को हिमाचली व्यंजनों का स्वाद भी चखने को मिला, जिसमें बिच्छू बूटी की सब्ज़ी, कांगड़ी खट्टा, मदरा और बुरांश के फूलों की चटनी विशेष आकर्षण का केंद्र रहे।




