38 साल की समर्पित सेवा : नाहन के अजय जायसवाल चीफ वेटनरी फार्मासिस्ट पद से हुए रिटायर...

38 साल की समर्पित सेवा : नाहन के अजय  जायसवाल चीफ वेटनरी फार्मासिस्ट पद से हुए रिटायर...
अक्स न्यूज लाइन नाहन 1 अगस्त  : 
पशुपालन विभाग के चीफ वेटनरी फार्मासिस्ट अजय जायसवाल, जिन्होंने 38 वर्षों तक निष्ठा, ईमानदारी और समर्पण भाव से सेवा की, आज वीरवार को सेवानिवृत्त हो गए। उनके इस यादगार सफर के समापन पर उनके उपमंडल के स्टाफ ने उन्हें भावभीनी विदाई दी और उनके योगदान को सराहते हुए अनेक यादें साझा कीं।
अजय जायसवाल ने वर्ष 1987 में वेटनरी फार्मासिस्ट के पद पर बागथन से अपनी सेवा की शुरुआत की थी। इसके बाद वे विक्रम बाग़ में स्थानांतरित हुए, जहां उन्होंने लगभग 14 वर्षों तक कार्य किया। इसके पश्चात उन्होंने जब्बल का बाग में 6 वर्ष, नाहन में 3 वर्ष, तथा बाद में नेहली और कालाअंब में विभागीय सेवाएं दीं।
स्टाफ ने दी भावभीनी विदाई
मार्च 2025 में उन्हें उनकी सेवाओं के लिए सम्मान स्वरूप चीफ वेटनरी फार्मासिस्ट के पद पर पदोन्नत किया गया। पदोन्नति के उपरांत उनका स्थानांतरण ऊना जिला में किया गया, लेकिन लगभग एक महीने पहले ही उन्हें संगड़ाह क्षेत्र में स्थानांतरित किया गया, जहां से वे आज सेवानिवृत्त हुए।
अजय जायसवाल का जन्म 21 जुलाई 1967 को राजकुमारी और स्वर्गीय प्रेम चंद के घर नाहन में हुआ। उनका जीवन सिर्फ एक कर्मचारी का नहीं, बल्कि एक संघर्षशील और कर्तव्यनिष्ठ व्यक्ति की कहानी है। उन्होंने अपने पिता को तब खो दिया जब वे कॉलेज के प्रथम वर्ष में थे। इतनी कम उम्र में उन्होंने न केवल अपने परिवार की जिम्मेदारी उठाई, बल्कि अपने करियर को भी मजबूती से आगे बढ़ाया।
यही समय था जब उनका चयन चंबा में वेटनरी फार्मासिस्ट की दो वर्षीय ट्रेनिंग के लिए हुआ। इस कठिन समय में भी उन्होंने कभी पीछे मुड़कर नहीं देखा और अपने कर्तव्यों का पालन पूरी निष्ठा से किया।
अपने सेवा काल में अजय जायसवाल ने न केवल विभागीय कार्यों को बेहतरीन ढंग से निभाया, बल्कि पशु चिकित्सा सेवाओं को ग्रामीण क्षेत्रों में पहुंचाने में भी महत्वपूर्ण योगदान दिया। उन्होंने विभिन्न क्षेत्रों में कार्य करते हुए कई बार संसाधनों की कमी के बावजूद अपनी प्रतिबद्धता से विभाग और जनता का विश्वास जीता।
उनके सहयोगियों का कहना है कि अजय जायसवाल जैसे अनुभवी, विनम्र और सजग अधिकारी से कार्य करना हर किसी के लिए एक सीख रहा है। उन्होंने न केवल प्रशासनिक कार्यों में दक्षता दिखाई बल्कि ग्रामीण पशुपालकों के लिए मार्गदर्शक की भूमिका भी निभाई।
सेवानिवृत्ति के अवसर पर आयोजित विदाई समारोह में वरिष्ठ पशु चिकित्सक अधिकारी डॉ अक्षय और अन्य स्थानों से आए विभागीय अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे। समारोह में सभी ने अजय जायसवाल के साथ बिताए पलों को साझा किया और उनके योगदान को याद करते हुए उन्हें उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं। समारोह में उनके सहयोगियों ने कहा कि वे कार्य के प्रति अनुशासन और संवेदनशीलता के लिए हमेशा याद किए जाएंगे।