8 पदों के लिए मुख्य अरण्यपाल, शिमला के कार्यालय 15 जुलाई तक कर सकते हैं आवेदन
अक्स न्यूज लाइन शिमला 04 जुलाई :
वन विभाग के एक प्रवक्ता ने बताया कि मुख्य अरण्यपाल, शिमला वन वृत्त द्वारा सेवानिवृत्त राजस्व अधिकारियों (नायब तहसीलदार, कानूनगो व पटवारी) से एक वर्ष की अवधि के लिए अस्थायी पुनर्नियोजन के लिए आवेदन आमंत्रित किए गए हैं जिसकी अंतिम तिथि 15 जुलाई, 2026 निर्धारित की गई है।
उन्होंने बताया कि 08 रिक्त पदों के तहत शिमला वन वृत्त में सेवानिवृत्त नायब तहसीलदार का एक पद, शिमला वन मंडल (ग्रामीण) में सेवानिवृत्त पटवारी का एक पद, ठियोग वन मंडल में सेवानिवृत्त कानूनगो और पटवारी के एक-एक पद, रोहड़ू वन मंडल में सेवानिवृत्त कानूनगो का एक पद व सेवानिवृत्त पटवारी के दो पद तथा चौपाल वन मंडल में सेवानिवृत्त पटवारी के एक रिक्त पद को भरा जाएगा।
उन्होंने बताया कि चयनित अभ्यर्थियों की सेवाएं शिमला वन वृत्त के अंतर्गत वन भूमि की पैमाइश, अतिक्रमण प्रकरणों से संबंधित राजस्व एवं विधिक कार्यों के निष्पादन के लिए ली जाएंगी। इच्छुक अभ्यर्थी आवेदन पत्र, विस्तृत नियम व शर्तें मुख्य अरण्यपाल, शिमला के कार्यालय से 15 जुलाई, 2026 तक प्रत्येक कार्य दिवस में प्रातः 10 से सायं 05 बजे तक प्राप्त कर सकते हैं और निर्धारित तिथि (15 जुलाई) तक आवेदन को पूर्ण रूप से भरकर मुख्य अरण्यपाल, शिमला के कार्यालय जमा करवा सकते हैं। 15 जुलाई के उपरांत प्राप्त और अपूर्ण आवेदन पत्रों पर कोई विचार नहीं किया जाएगा।




