अक्स न्यूज लाइन नाहन 26 मई :
शिक्षा के साथ-साथ नेतृत्व कौशल को विकसित करने के उद्देश्य से सिरमौर जिला स्थित अरिहंत इंटरनेशनल विद्यालय में विद्यार्थियों के लिए भव्य शपथ ग्रहण समारोह का आयोजन किया गया। इस विशेष अवसर पर विद्यालय के विभिन्न सदनों के विद्यार्थियों को उनके दायित्वों, मूल्यों एवं कर्तव्यों के प्रति जागरूक करते हुए शपथ दिलाई गई।
विद्यालय में चार सदन संचालित हैं तथा प्रत्येक सदन से तीन विद्यार्थियों को कैप्टन, वाइस कैप्टन एवं कल्चरल हेड के रूप में चयनित किया गया। समारोह के दौरान चयनित विद्यार्थियों को नेतृत्व की जिम्मेदारियाँ सौंपते हुए उन्हें सदन के अनुसार बैज तथा अंगवस्त्र (sachet)पहनाकर सम्मानित किया गया।
सीडार (CEDAR) सदन से क्षितिज को कप्तान, हर्ष को उप कप्तान तथा निश्छल कौर को सांस्कृतिक प्रमुख चुना गया। चिनार (CHINAR) सदन से सिमरन को कप्तान, वाणी को उप कप्तान तथा आनन्दिता को सांस्कृतिक प्रमुख नियुक्त किया गया। ओक (OAK) सदन से शगुन वर्मा को कप्तान, कृति शर्मा को उप कप्तान तथा समर्थ को सांस्कृतिक प्रमुख का दायित्व सौंपा गया। पाइन (PINE) सदन से अंशिका शर्मा को कप्तान, भुवनेश्वरी को उप कप्तान तथा तेजस्वनी को सांस्कृतिक प्रमुख बनाया गया।
विद्यालय की निदेशक एवं प्रधानाचार्या देविंदर कौर साहनी ने सभी चयनित विद्यार्थियों को सदन के अनुसार बैज तथा अंगवस्त्र (sachet) पहनाकर सम्मानित किया तथा उन्हें अपने दायित्वों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि शिक्षा के साथ अनुशासन, नेतृत्व क्षमता एवं नैतिक मूल्यों का विकास भी अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि नेतृत्व केवल पद प्राप्त करना नहीं, बल्कि अपने कर्तव्यों का निष्ठा, समर्पण एवं ईमानदारी के साथ निर्वहन करना है।
विद्यालय के चेयरमैन अनिल जैन तथा महासचिव सचिन जैन ने संयुक्त रूप से अपने संदेश में कहा कि विद्यालय विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए निरंतर प्रयासरत है। ऐसे कार्यक्रम विद्यार्थियों में नेतृत्व क्षमता, आत्मविश्वास, अनुशासन एवं जिम्मेदारी की भावना विकसित करते हैं। साथ ही उन्होंने सभी चयनित विद्यार्थियों को शुभकामनाएँ देते हुए विद्यालय के आदर्शों का पालन कर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया।
समारोह के अंत में विद्यार्थियों ने विद्यालय की गरिमा बनाए रखने, अनुशासन का पालन करने तथा अपने सदन एवं विद्यालय का नाम ऊँचा करने की शपथ ली। विद्यालय परिवार ने सभी चयनित विद्यार्थियों को शुभकामनाएँ प्रदान कीं।