आरकेजीएमसी की एंटी रैगिंग कमेटी ने की रैगिंग रोधी प्रबंधों की समीक्षा
अक्स न्यूज लाइन हमीरपुर 25 फरवरी :
डॉ. राधाकृष्णन राजकीय आयुर्विज्ञान महाविद्यालय (आरकेजीएमसी) हमीरपुर की एंटी रैगिंग कमेटी की बैठक बुधवार को प्रधानाचार्य डॉ. रमेश भारती की अध्यक्षता में आयोजित की गई, जिसमें महाविद्यालय के अधिकारियों के अलावा प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों, अन्य संबंधित विभागों के अधिकारियों, हॉस्टल एवं पीजी के संचालकों तथा विद्यार्थियों के प्रतिनिधियों ने भी भाग लिया।
इस अवसर पर पिछली बैठक के दौरान लिए गए निर्णयों की अनुपालना और महाविद्यालय के परिसर, इसके आसपास के क्षेत्र, हॉस्टलों एवं पीजी में किसी भी तरह की रैगिंग के मामलों को रोकने के लिए किए गए विभिन्न प्रबंधों पर व्यापक चर्चा की गई।
प्रधानाचार्य डॉ. रमेश भारती ने कहा कि संस्थान में रैंगिंग का कोई भी मामला सामने नहीं आया है। इसके बावजूद महाविद्यालय, हॉस्टल एवं पीजी के परिसरों को रैगिंग मुक्त बनाए रखने के लिए सतर्कता बहुत जरूरी है। उन्होंने महाविद्यालय एवं अस्पताल परिसर के सिक्योरिटी प्रभारी को सभी सीसीटीवी कैमरों की फुटेज पर नियमित रूप से नजर रखने तथा किसी भी तरह की संदिग्ध गतिविधि की तुरंत सूचना देने के निर्देश दिए। प्रधानाचार्य ने एंटी रैगिंग स्क्वायड के सदस्यों को सभी हॉस्टलों एवं पीजी की नियमित रूप से चैकिंग करने तथा इसकी रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश भी दिए। हॉस्टल एवं पीजी संचालक भी सभी आवश्यक प्रबंध सुनिश्चित करें।
उन्होंने पुलिस अधिकारियों से भी आग्रह किया कि वे हॉस्टलों एवं पीजी के आस-पास गश्त को बढ़ाएं। प्रधानाचार्य ने बताया कि महाविद्यालय प्रबंधन ने सभी विद्यार्थियों के स्थानीय पते का ब्यौरा एकत्रित करने के लिए गूगल लिंक भी जारी किया है। यह ब्यौरा पुलिस के साथ भी साझा किया जाएगा, ताकि किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर कड़ी नजर रखी जा सके। बैठक में विद्यार्थियों के प्रतिनिधियों से भी फीडबैक एवं सुझाव लिए गए। इस अवसर पर महाविद्यालय के अतिरिक्त निदेशक अनुपम ठाकुर, आरकेजीएमसी अस्पताल के मेडिकल सुपरिंटेंडेंट डॉ. देसराज शर्मा, डीएसपी हरीश गुलेरिया और महाविद्यालय के अन्य अधिकारी एवं चिकित्सक भी उपस्थित थे।




