अभिभावक अपने बच्चों को लाइसेंस होल्डर होने से पूर्व वाहन चलाने न दें: उपायुक्त किन्नौर

अभिभावक अपने बच्चों को लाइसेंस होल्डर होने से पूर्व वाहन चलाने न दें: उपायुक्त किन्नौर
अक्स न्यूज लाइन रिकांगपिओ 16 मार्च :
जनजातीय जिला किन्नौर के रिकांग पिओ स्थित उपायुक्त कार्यालय सभागार कक्ष में उपायुक्त डॉ. अमित कुमार शर्मा की अध्यक्षता में जिला स्तरीय सड़क सुरक्षा समिति की बैठक का आयोजन किया गया और लोगों को सड़क सुरक्षा व यातायात नियमों का कड़ाई से पालन करवाने बारे विचार विमर्श किया गया। 
डॉ. अमित कुमार शर्मा ने किन्नौर जिला के सभी अभिभावकों से आग्रह किया कि वे अपने बच्चों को लाइसेंस होल्डर होने से पूर्व वाहन चलाने न दें अन्यथा ऐसी स्थिति में अभिभावकों पर भी कड़ी कार्यवाही अमल में लाई जाएगी। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री राहत योजना के तहत सरकार द्वारा सड़क दुर्घटनाओं में घायलों के उपचार हेतु डेढ़ लाख रुपए तक का कैशलैस इलाज करवाया जाता है। 
उपायुक्त ने इस अवसर पर कहा कि राह वीर योजना के तहत सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्तियों को गोल्डन आवर में तुरंत चिकित्सा उपलब्ध करवाने तथा अस्पताल ले जाने वाले व्यक्ति को 25 हजार रुपए की राशि सम्मान के रूप में प्रदान की जाती है। योजना के तहत एक व्यक्ति साल में 5 बार इनाम प्राप्त कर सकता है तथा 10 चुनिंदा राह-वीरों को 1 लाख रुपए तक की अतिरिक राशि प्रदान की जाएगी। राह-वीरों के बैंक खातों में सीधे राशि प्रदान की जाएगी। 
उन्होंने ‌ पुलिस एवं ‌‌ राष्ट्रीय राजमार्ग अधिकारियों को ‌ ब्लैक स्पॉट चिन्हित करने के निर्देश दिए ‌ तथा ‌ वहां पर क्रैश बैरियर ‌ स्थापित करने का आह्वान किया ताकि ‌ जनजातीय जिला किन्नौर में बहुमूल्य जानों को बचाया जा सके। 
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक सुशील कुमार शर्मा, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. राकेश नेगी, सहायक अभियंता राष्ट्रीय राज मार्ग उमेश लारजू, उपनिदेशक उच्चतर शिक्षा डॉ. कुलदीप सिंह डोगरा, उपनिदेशक प्रारंभिक शिक्षा डॉ. अरुण कुमार गौतम व सीमा सड़क संगठन के अधिकारियों सहित अन्य अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित थे।