हिमाचल में भर्ती अनियमितताओं, पेपर लीक और भ्रष्टाचार पर प्रदेश सरकार पूरी तरह बेनकाब, दोषियों को संरक्षण दे रही कांग्रेस सरकार : जयराम ठाकुर
अक्स न्यूज लाइन शिमला 26 जुलाई :
शिमला। नेता प्रतिपक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने प्रदेश सरकार पर युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ करने का आरोप लगाते हुए कहा कि हिमाचल प्रदेश में भर्ती परीक्षाओं में सामने आई अनियमितताओं और पेपर लीक जैसे गंभीर मामलों पर कांग्रेस सरकार की भूमिका पूरी तरह संदेह के घेरे में है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार दोषियों पर कार्रवाई करने के बजाय उन्हें संरक्षण देने का कार्य कर रही है और इसी कारण प्रदेश के लाखों युवाओं का सरकार से विश्वास उठता जा रहा है।
जयराम ठाकुर रविवार को शिमला के जाखू वार्ड में आयोजित प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकप्रिय रेडियो कार्यक्रम 'मन की बात' के सामूहिक श्रवण कार्यक्रम एवं 'एक पेड़ मां के नाम' अभियान में भाग लेने के उपरांत पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे।
कांग्रेस द्वारा हाल ही में निकाले गए कैंडल मार्च पर प्रतिक्रिया देते हुए उन्होंने कहा कि यह पूरी तरह राजनीतिक अवसरवाद का उदाहरण है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को युवाओं के भविष्य की चिंता नहीं, बल्कि राजनीतिक लाभ की चिंता है। जिन राज्यों में कांग्रेस की सरकारें रही हैं, वहां भर्ती परीक्षाओं में सबसे अधिक घोटाले और पेपर लीक हुए हैं। राजस्थान में कांग्रेस सरकार के कार्यकाल के दौरान 22 से अधिक पेपर लीक हुए तथा छत्तीसगढ़ में भी 18 भर्ती परीक्षाओं के पेपर लीक होने के मामले सामने आए। ऐसे में कांग्रेस को नैतिकता का पाठ पढ़ाने का कोई अधिकार नहीं है।
उन्होंने कहा कि यदि हिमाचल प्रदेश की बात करें तो हाल ही में हुई पुलिस भर्ती परीक्षा में स्वयं अभ्यर्थियों ने लिखित रूप से शिकायत दी कि परीक्षा केंद्रों के भीतर खुलेआम मास चीटिंग करवाई गई। अभ्यर्थियों ने गंभीर अनियमितताओं की जानकारी प्रशासन और सरकार को दी, लेकिन आज तक इस पूरे मामले की निष्पक्ष और पारदर्शी जांच नहीं करवाई गई। सरकार की यह चुप्पी स्वयं कई गंभीर सवाल खड़े करती है।
जयराम ठाकुर ने कहा कि भाजपा सरकार के कार्यकाल में जब पुलिस भर्ती पेपर लीक का मामला सामने आया था, तब सरकार ने बिना किसी दबाव के तुरंत सीबीआई जांच की सिफारिश की थी। सीबीआई की जांच में कुछ अधिकारियों की भूमिका और लापरवाही स्पष्ट रूप से सामने आई, लेकिन वर्तमान कांग्रेस सरकार ने उन अधिकारियों पर कार्रवाई करने के बजाय उन्हें महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां सौंप दीं। कुछ अधिकारियों को पदोन्नति तक दे दी गई। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू को प्रदेश की जनता को बताना चाहिए कि आखिर किन कारणों से दोषियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं की गई और उन्हें संरक्षण क्यों दिया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस युवाओं के हितों की लड़ाई नहीं लड़ रही, बल्कि छात्रों और बेरोजगार युवाओं के कंधों पर राजनीति करने का प्रयास कर रही है। प्रदेश का युवा पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया चाहता है, लेकिन कांग्रेस सरकार इस दिशा में पूरी तरह विफल साबित हुई है।
जयराम ठाकुर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार परीक्षा प्रणाली को पारदर्शी और सुरक्षित बनाने के लिए लगातार कठोर कदम उठा रही है। हाल ही में केंद्र सरकार ने परीक्षा प्रणाली को मजबूत करने तथा पेपर लीक और परीक्षा माफिया पर सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करने के उद्देश्य से महत्वपूर्ण कानूनी प्रावधान किए हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे ऐतिहासिक कदम पहले कभी नहीं उठाए गए। संसद में इस संबंध में लाए जा रहे विधायी प्रावधान देश के युवाओं के हितों की रक्षा करेंगे और परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता सुनिश्चित करेंगे।
उन्होंने कहा कि इसके बावजूद कांग्रेस और उसके सहयोगी दल इन सकारात्मक सुधारों का समर्थन करने के बजाय केवल राजनीतिक वातावरण बनाने का प्रयास कर रहे हैं। यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि युवाओं की भावनाओं का भी राजनीतिक लाभ के लिए इस्तेमाल किया जा रहा है।
इस अवसर पर जयराम ठाकुर ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 'मन की बात' कार्यक्रम की सराहना करते हुए कहा कि यह केवल एक रेडियो कार्यक्रम नहीं, बल्कि देश के करोड़ों लोगों के लिए प्रेरणा, जागरूकता और राष्ट्र निर्माण का अभियान बन चुका है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी प्रत्येक माह ऐसे सामान्य नागरिकों को देश के सामने लाते हैं जिन्होंने अपने-अपने क्षेत्रों में असाधारण कार्य किए हैं, लेकिन जिन्हें कभी उचित पहचान नहीं मिल पाई। इस कार्यक्रम के माध्यम से समाज के ऐसे अनसुने नायकों को सम्मान मिलता है और देश के लोगों को उनसे प्रेरणा लेने का अवसर मिलता है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी भारतीय संस्कृति, विरासत, पर्यावरण संरक्षण, स्थानीय उत्पादों के प्रोत्साहन, जनभागीदारी, स्वच्छता, जल संरक्षण, महिला सशक्तिकरण और सामाजिक उत्तरदायित्व जैसे विषयों पर लगातार देश का मार्गदर्शन करते हैं। यही कारण है कि 'मन की बात' आज भारत ही नहीं बल्कि दुनिया के अनेक देशों में भी सुनी जाती है और करोड़ों लोगों के लिए प्रेरणा का माध्यम बन चुकी है।
कारगिल विजय दिवस का उल्लेख करते हुए जयराम ठाकुर ने कहा कि आज का दिन प्रत्येक भारतीय के लिए गर्व और सम्मान का दिन है। उन्होंने कारगिल युद्ध में सर्वोच्च बलिदान देने वाले सभी वीर सैनिकों को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की और कहा कि तत्कालीन प्रधानमंत्री भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी के नेतृत्व में भारतीय सेना ने पाकिस्तान को ऐसा करारा जवाब दिया जिसने पूरी दुनिया को भारत की सैन्य शक्ति, साहस और संकल्प का परिचय कराया।
उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश जैसे छोटे राज्य के 52 वीर जवानों ने कारगिल युद्ध में अपने प्राणों की आहुति देकर इतिहास रचा। प्रदेश के वीर सैनिकों ने परमवीर चक्र सहित अनेक वीरता सम्मान प्राप्त कर पूरे हिमाचल और देश का गौरव बढ़ाया। उनका बलिदान सदैव देशवासियों को राष्ट्रसेवा और देशभक्ति की प्रेरणा देता रहेगा।
जयराम ठाकुर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर प्रारंभ किया गया 'एक पेड़ मां के नाम' अभियान पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक जनआंदोलन बन चुका है। उन्होंने सभी नागरिकों से अपनी माता के सम्मान और आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य के लिए अधिक से अधिक पौधे लगाने तथा उनकी नियमित देखभाल करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल सरकार की जिम्मेदारी नहीं बल्कि प्रत्येक नागरिक का नैतिक दायित्व है।
उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत निरंतर विकास, सुशासन, आत्मनिर्भरता और वैश्विक नेतृत्व की दिशा में आगे बढ़ रहा है तथा देश का प्रत्येक नागरिक इस विकास यात्रा का सहभागी बने, यही आज की सबसे बड़ी आवश्यकता है।
इस अवसर पर डॉ. जनक राज, संजय सूद, कर्ण नंदा, संजीव चौहान, संजीव देशटा, चंद्रशेखर, अंजुला ठाकुर, श्रीमती मनोचा, शालिंदर चौहान, रमेश गंगोत्रा, नमन, श्याम शर्मा तथा बड़ी संख्या में भाजपा प



