प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का 12 वर्ष का कार्यकाल भारत के स्वर्णिम युग का प्रतीक, देश ने विकास, सुरक्षा और वैश्विक सम्मान की नई ऊंचाइयों को छुआ : बिंदल
अक्स न्यूज लाइन नाहन 10 जून :
भारतीय जनता पार्टी हिमाचल प्रदेश के अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के सफल 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में ‘‘विश्वास के विकास के 12 वर्ष, गरीब कल्याण के 12 वर्ष’’ कार्यक्रमों का आयोजन पूरे देश के साथ-साथ हिमाचल प्रदेश में भी किया जा रहा है। इसी क्रम में भारतीय जनता पार्टी के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, रसायन एवं उर्वरक मंत्री श्री जगत प्रकाश नड्डा 12 और 13 जून को दो दिवसीय प्रवास पर शिमला पहुंच रहे हैं।
डॉ. बिंदल ने बताया कि 12 जून को प्रातः 9 बजे श्री नड्डा स्वच्छता अभियान में भाग लेंगे। इसके उपरांत प्रातः 10 बजे पीटरहॉफ शिमला में आयोजित कार्यक्रम में समाज के विभिन्न वर्गों को प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार के 12 वर्षों की ऐतिहासिक उपलब्धियों, जनकल्याणकारी योजनाओं और विकसित भारत के संकल्प के विषय में संबोधित करेंगे।
उन्होंने कहा कि उसी दिन सायंकाल श्री नड्डा समाज के प्रबुद्ध नागरिकों, विभिन्न क्षेत्रों के प्रतिष्ठित व्यक्तियों तथा जनमानस के प्रतिनिधियों से व्यक्तिगत रूप से संवाद करेंगे तथा मोदी सरकार की उपलब्धियों और देश के विकास में हुए परिवर्तन पर चर्चा करेंगे।
डॉ. बिंदल ने बताया कि 13 जून को श्री नड्डा मीडिया प्रतिनिधियों के साथ संवाद करेंगे। इसके अतिरिक्त वे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में हिमाचल प्रदेश को प्राप्त विकासात्मक सौगातों जैसे राष्ट्रीय राजमार्गों, सुरंगों तथा अन्य आधारभूत संरचना परियोजनाओं से जुड़े विकास तीर्थों का भ्रमण करेंगे। इस दौरान वे पौधारोपण कार्यक्रम में भी भाग लेंगे।
उन्होंने कहा कि स्वच्छता अभियान, समाज के प्रबुद्ध वर्ग के साथ संवाद, जनप्रतिनिधियों एवं विशिष्ट व्यक्तियों से मुलाकात, मीडिया संवाद, पौधारोपण तथा विकास तीर्थ यात्रा जैसे छह महत्वपूर्ण कार्यक्रमों के माध्यम से श्री नड्डा का यह प्रवास प्रदेशवासियों के लिए प्रेरणादायक एवं ऐतिहासिक रहेगा।
डॉ. बिंदल ने कहा कि आज देश के लिए अत्यंत गौरव और सौभाग्य का क्षण है कि माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी देश के लोकतांत्रिक इतिहास में सबसे लंबे समय तक लगातार सेवा देने वाले निर्वाचित प्रधानमंत्री के रूप में स्थापित हुए हैं। उन्होंने कहा कि यह केवल लंबे कार्यकाल का विषय नहीं है बल्कि यह भारत के विकास, सुशासन, गरीब कल्याण और वैश्विक प्रतिष्ठा का भी स्वर्णिम अध्याय है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में बीते 12 वर्षों में देश ने अभूतपूर्व आर्थिक प्रगति की है, करोड़ों गरीबों को विकास की मुख्यधारा से जोड़ा गया है, भारत की अंतरराष्ट्रीय प्रतिष्ठा नई ऊंचाइयों तक पहुंची है तथा आतंकवाद, उग्रवाद और अलगाववाद के विरुद्ध निर्णायक कार्रवाई कर देश को अधिक सुरक्षित बनाया गया है।
डॉ. बिंदल ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत आज विश्व की अग्रणी शक्तियों में शामिल हो रहा है। गरीब कल्याण, महिला सशक्तिकरण, किसानों के उत्थान, युवाओं के लिए अवसरों के विस्तार और आधुनिक आधारभूत ढांचे के निर्माण के क्षेत्र में ऐतिहासिक कार्य हुए हैं।
उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु और निरंतर राष्ट्रसेवा की कामना को लेकर हिमाचल प्रदेश में लगभग 200 स्थानों पर विशेष पूजा-अर्चना, हवन, यज्ञ तथा मंदिरों में प्रसाद वितरण के कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। प्रदेशभर के भाजपा कार्यकर्ता और आम नागरिक इन कार्यक्रमों में भाग लेकर प्रधानमंत्री के प्रति अपना सम्मान और शुभकामनाएं व्यक्त कर रहे हैं।
डॉ. बिंदल ने प्रदेशवासियों और समस्त देशवासियों को इस ऐतिहासिक अवसर की बधाई देते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में विकसित भारत का संकल्प और अधिक गति से आगे बढ़ेगा तथा भारत आने वाले वर्षों में विश्व नेतृत्व की भूमिका में और अधिक मजबूती से स्थापित होगा।









