किन्नौर जिला में सड़क सुरक्षा समिति की बैठक आयोजित

किन्नौर जिला में सड़क सुरक्षा समिति की बैठक आयोजित

अक्स न्यूज लाइन रिकांगपिओ 23 फरवरी : 


जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक का आयोजन आज यहां उपायुक्त कार्यालय के सम्मेलन कक्ष में किया गया जिसकी अध्यक्षता उपायुक्त किन्नौर डॉ. अमित कुमार शर्मा ने की और अधिकारियों को यातायात नियमों का पालन करने के प्रति लोगों को जागरूक करने और आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिए।

उपायुक्त ने इस अवसर पर कहा कि राह वीर योजना के तहत सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्तियों को गोल्डन आवर में तुरंत चिकित्सा उपलब्ध करवाने तथा अस्पताल ले जाने वाले व्यक्ति को 25 हजार रुपए की राशि सम्मान के रूप में प्रदान की जाती है। योजना के तहत एक व्यक्ति साल में 5 बार इनाम प्राप्त कर सकता है तथा 10 चुनिंदा राह-वीरों को 1 लाख रुपए तक की अतिरिक राशि प्रदान की जाएगी। राह-वीरों के बैंक खातों में सीधे राशि प्रदान की जाएगी।

डॉ. अमित कुमार शर्मा ने बताया कि सरकार द्वारा सड़क दुर्घटनाओं में घायलों के उपचार हेतु डेढ़ लाख रुपए तक का कैशलैस इलाज करवाया जाता है। उन्होंने बताया कि आने वाले होली व अन्य त्यौहारों पर जिला पुलिस द्वारा ड्रंक एंड ड्राइव मामलों पर कड़ी कार्यवाही की जाएगी और शराब पीकर वाहन चलाने वाले चालकों के लाइसेंस सस्पेंड किए जाएंगे। इसके अलावा वाहनों में कंपनी के अतिरिक किए गए आंशिक परिवर्तन का अधिक से अधिक चालान सुनिश्चित किया जाएगा ताकि सड़क हादसों और यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित हो सके।

इस अवसर पर अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी पूह रवींद्र सिंह, उपमंडलाधिकारी कल्पा अमित कल्थाईक, उपमंडलाधिकारी निचार नारायण सिंह चौहान, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. राकेश नेगी, अधिशाषी अभियंता लोक निर्माण विभाग कल्पा ललित जरयाल, उपनिदेशक प्रारंभिक डॉ. अरुण गौतम, उपनिदेशक उच्चतर डॉ. कुलदीप डोगरा व जिला सूचना अधिकारी बी.एस नेगी सहित अन्य अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित थे।