केलांग में आपदा प्रबंधन के लिए लोड-कैरींग ड्रोन संचालन पर प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित -

केलांग में आपदा प्रबंधन के लिए  लोड-कैरींग  ड्रोन संचालन  पर  प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित -
Ad 5 Ad 6 Ad 9 Ad 9
Ad 6 Ad 7 Ad 9 Ad 9
Ad 6 Ad 7 Ad 9 Ad 9

अक्स न्यूज लाइन  केलांग,  06 जुलाई :
उपायुक्त कार्यालय, केलांग के सम्मेलन कक्ष में आज लोड-कैरींग  ड्रोन संचालन  पर  प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया।  इस प्रशिक्षण का उद्देश्य प्राकृतिक आपदाओं के दौरान राहत एवं बचाव कार्यों को अधिक तेज़ और प्रभावी बनाना रहा। इस कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण लाहौल स्पीती  उपायुक्त किरण भड़ाना ने की।

प्रशिक्षण कार्यक्रम का संचालन बजरंग यूएवी प्राइवेट लिमिटेड के प्रशिक्षक उमंग जोशी द्वारा किया गया। इस अवसर पर प्रतिभागियों को PX6P2300 ड्रोन की तकनीकी विशेषताओं, सुरक्षित संचालन, रखरखाव तथा विभिन्न सरकारी एवं आपदा प्रबंधन कार्यों में इसके प्रभावी उपयोग की विस्तृत जानकारी प्रदान की गई।
उन्होंने बताया कि यह ड्रोन विशेष रूप से भारी सामग्री के परिवहन (लोडिंग) के लिए विकसित किया गया है। ताकि  प्राकृतिक आपदाओं अथवा आपातकालीन परिस्थितियों में जब सड़क संपर्क बाधित हो जाता है, तब इसके माध्यम से दवाइयां, खाद्य सामग्री, चिकित्सा उपकरण तथा अन्य आवश्यक राहत सामग्री दुर्गम एवं प्रभावित क्षेत्रों में त्वरित रूप से पहुंचाई जा सके। प्रशिक्षण कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य अधिकारियों एवं कर्मचारियों को इस आधुनिक लोड-कैरींग ड्रोन के सुरक्षित एवं प्रभावी संचालन का प्रशिक्षण प्रदान करना रहा तथा आपदा प्रबंधन के दौरान राहत एवं बचाव कार्यों को अधिक सशक्त एवं समयबद्ध बनाया जा सके।

उन्होंने बताया  कि PX6P2300 ड्रोन 80,000 mAh क्षमता की बैटरी से संचालित होता है तथा इसका आर्म स्पैन 2300×2300 मिमी है। यह ड्रोन अधिकतम 75 किलोग्राम तक भार उठाने में सक्षम है, 30 किलोग्राम भार के साथ यह लगभग 18 से 20 मिनट तक उड़ान भर सकता है तथा इसकी उड़ान गति 3 से 8 मीटर प्रति सेकंड है। 

उपायुक्त किरण भड़ाना ने कहा कि लाहौल-स्पीति जैसे दुर्गम एवं भौगोलिक दृष्टि से चुनौतीपूर्ण जिले में ड्रोन तकनीक आपदा प्रबंधन, राहत एवं बचाव कार्यों तथा आवश्यक सेवाओं की त्वरित आपूर्ति में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है। उन्होंने अधिकारियों से प्रशिक्षण के दौरान प्राप्त ज्ञान का प्रभावी उपयोग करते हुए आधुनिक तकनीक को जनहित में अपनाने का आह्वान किया। 
प्रशिक्षण कार्यक्रम में विभिन्न विभागों के कुल 27 अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने भाग लिया।