कोली समाज के विशाल राष्ट्रीय सम्मेलन को लेकर बढ़ी हलचल, वीरेंद्र कश्यप ने मंत्री धनी राम शांडिल से की मुलाकात।
अक्स न्यूज लाइन शिमला 2, मार्च :
अखिल भारतीय कोली समाज के राष्ट्रीय अध्यक्ष वीरेंद्र कश्यप ने आज शिमला स्थित निवास पर हिमाचल प्रदेश के स्वास्थ्य, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता तथा सैनिक कल्याण मंत्री धनी राम शांडिल से शिष्टाचार भेंट की। इस अवसर पर हिमाचल प्रदेश कोली समाज के प्रदेशाध्यक्ष अमर चंद शलाठ तथा अखिल भारतीय कोली समाज राष्ट्रीय कार्यकारिणी के सचिव उत्तम सिंह कश्यप भी उपस्थित रहे।
इस दौरान 21 जून को आयोजित होने वाले अखिल भारतीय कोली समाज के प्रस्तावित विशाल राष्ट्रीय अधिवेशन को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। वीरेंद्र कश्यप ने मंत्री महोदय को सम्मेलन की रूपरेखा, उद्देश्य तथा कार्यक्रम की जानकारी दी। उन्होंने मंत्री को इस अधिवेशन में विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित होने का अनौपचारिक निमंत्रण भी दिया।
मंत्री कर्नल (डॉ.) धनी राम शांडिल ने सम्मेलन में भाग लेने के लिए सहर्ष सहमति प्रदान की और समाज के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि समाज के उत्थान और एकता के लिए ऐसे आयोजनों की महत्वपूर्ण भूमिका होती है।
हिमाचल प्रदेश कोली समाज के राज्यध्यक्ष अमर चंद शलाठ के अनुसार इस मुलाकात को आगामी राष्ट्रीय अधिवेशन की तैयारियों के लिए सकारात्मक और प्रेरणादायक कदम माना जा रहा है।




