उपायुक्त किन्नौर की अध्यक्षता में क्षय रोग उन्मूलन पर बैठक आयोजित
अक्स न्यूज लाइन रिकांगपिओ 23 फरवरी :
उपायुक्त किन्नौर डॉ. अमित कुमार शर्मा की अध्यक्षता में आज जिला के रिकांग पिओ स्थित उपायुक्त कार्यालय सभागार कक्ष में क्षय रोग उन्मूलन पर बैठक आयोजित की गई और जिला को क्षय रोग मुक्त बनाने पर विस्तारपूर्वक चर्चा की गई।
उपायुक्त ने बताया कि जिला किन्नौर में मात्र 12 प्रतिशत क्षय रोगी हैं और इनमें अधिकतर मामले पूर्व में क्षय रोग से ग्रसित मरीजों को पुनः क्षय रोग होने के हैं। उन्होंने जिला के उन सभी क्षय रोग से ठीक हुए लोगों से आग्रह किया कि वे अपने खान-पान का विशेष ध्यान रखें और क्षय रोग के लक्षण दिखने पर तुरंत अपनी जांच करवाएं। इसके अतिरिक्त जिला की विभिन्न पंचायतों में आने वाले प्रवासी अपनी जानकारी स्वास्थ्य विभाग को देना सुनिश्चित करें ताकि स्वास्थ्य विभाग द्वारा क्षय रोग की जांच की जा सके।
जिला क्षय रोग अधिकारी डॉ. सुधीर सिंह ने बताया कि जिला में वर्तमान में 70 क्षय रोग मरीज हैं जिनका इलाज स्वास्थ्य विभाग द्वारा किया जा रहा है। उन्होंने क्षय रोग के लक्षणों की विस्तृत जानकारी प्रदान की और बताया कि बलगम वाली खांसी, बलगम में खून आना, बुखार होना, थकान महसूस करना, सीने में दर्द होना, पुरानी बीमारी, शरीर के किसी हिस्से में गांठ होना, रात में पसीना आना, हाल में हुए शारीरिक बदलाव व वजन में गिरावट होने जैसे लक्षण क्षय रोग के हो सकते हैं।
इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. राकेश नेगी, उपनिदेशक प्रारंभिक डॉ. अरुण गौतम, उपनिदेशक उच्चतर डॉ. कुलदीप डोगरा, जिला अग्रणी बैंक पंजाब नेशनल बैंक के प्रबन्धक रोहित सांगवान सहित अन्य अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित थे।




