जिला बिलासपुर में प्रधानमंत्री आदर्श ग्राम योजना के तहत 22 नए गांव चयनित: उपायुक्त

जिला बिलासपुर में प्रधानमंत्री आदर्श ग्राम योजना के तहत 22 नए गांव चयनित: उपायुक्त

अक्स न्यूज लाइन बिलासपुर 27 फरवरी : 

उपायुक्त बिलासपुर राहुल कुमार की अध्यक्षता में आज बचत भवन में सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग की ओर से प्रधानमंत्री आदर्श ग्राम योजना के अंतर्गत गठित जिला स्तरीय अभिसरण समिति की त्रैमासिक बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने भाग लेकर योजना की प्रगति की समीक्षा की और आगामी कार्य योजना पर चर्चा की।
उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री आदर्श ग्राम योजना के तहत अब जिला की 22 ग्राम पंचायतों के 22 नए गावों को चयनित किया गया है। इन चयनित गांवों में शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, पेयजल, स्वच्छता और अन्य बुनियादी सुविधाओं से जुड़े विभिन्न घटकों के अंतर्गत विकास कार्य करवाए जाएंगे, ताकि ग्रामीण क्षेत्रों का समग्र और संतुलित विकास सुनिश्चित हो सके।


उन्होंने बताया कि सदर बिलासपुर के अंतर्गत ग्राम पंचायत, बेनला ब्राहमणा का गांव लुहणू कनैता, निचली भटेड का गांव बघडीं, धौण कोठी पंचायत का गांव धौण कोठी, बरमाणा पंचायत का गांव नालग, बल्ह बल्हवाणा पंचायत का गांव तरेड़ शामिल है। इसी तरह जहां उपमण्डल घुमारवीं के अंतर्गत ग्राम पंचायत लुहारवीं का गांव बरोटा, पनोह पंचायत का गांव सनौर, दाबला पंचायत का गांव दाबला तथा ग्राम पंचायत तल्याणा का गांव बेहल नवाणे, तो वहीं उपमण्डल झण्डुता के अंतर्गत ग्राम पंचायत सलवाड का गांव बल्ह चलोग, ग्राम पंचायत बरठीं का गांव गुआवं, ग्राम पंचायत डाहड़ का गांव डाहड, डमली ग्राम पंचायत का गांव धराडसानी, बडगांव गलू पंचायत का गांव बडगांव, सुन्हाणी पंचायत का गांव डूहक, बैहना ब्राहम्णा पंचायत का गांव बेहना ब्राहम्णा, दाड़ी भाड़ी पंचायत का गांव रछेड़ा, बड़ोल ग्राम पंचायत का गांव पोली तथा ग्राम पंचायत बल्हसीना का गांव कथ्यूण शामिल है।


यही नहीं उपमंडल श्री नैना देवी जी के अंतर्गत ग्राम पंचायत टोबा संगवाणा का गांव नीलां, ग्राम पंचायत टाली का गांव दगडाहण तथा ग्राम पंचायत री का गांव री को शामिल किया गया है। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री आदर्श ग्राम योजना के अंतर्गत गांवों का चयन केंद्र सरकार द्वारा निर्धारित मानकों के अंतर्गत ऐसे गांव को चयन में प्राथमिकता प्रदान की जाती है जहां 40 प्रतिशत से अधिक अनुसूचित जाति की आबादी निवास करती है।


उपायुक्त राहुल ने बताया कि प्रधानमंत्री आदर्श ग्राम योजना के अंतर्गत पूर्व में चयनित 25 गांवों में से 21 में विभिन्न विकास कार्यों को शत प्रतिशत पूर्ण कर लिया गया है। शेष चार गांवों में भी चल रहे विभिन्न विकास कार्यों को शीघ्र पूर्ण कर लिया जाएगा। उन्होंने सभी संबंधित विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिये कि योजना के अंतर्गत चयनित गांवों में सभी विकास कार्यों को समयबद्ध क्रियान्वित किया जाए ताकि ग्रामीणों को योजना के तहत होने वाले विभिन्न विकास कार्यों का लाभ सुनिश्चित हो सके।