अक्स न्यूज लाइन मंडी 12 मार्च :
प्रदेश सरकार की पहल पर हिमाचल प्रदेश दुग्ध उत्पादक सहकारी प्रसंघ के अध्यक्ष बुद्धि सिंह ठाकुर के मार्गदर्शन में जिला मंडी के चक्कर व भरवान (कुन्नु) में दूध उत्पादकों को अच्छी गुणवत्ता के दूध उत्पादन व पशुपालन का प्रशिक्षण प्रदान किया गया। इस प्रशिक्षण शिविर में मझवार, चक्कर, सिद्धयानी, भरवाहन क्षेत्र की दुध उत्पादक सहकारी समितियों के साथ जुड़े किसानों ने भाग लिया। राष्ट्रीय डेयरी विकास बोर्ड से आए हुए अधिकारी डॉ. सत्यपाल कुरहे (प्रधानाचार्य क्षेत्रीय प्रदर्शन एवं प्रशिक्षण केंद्र जालंधर) व राष्ट्रीय डेयरी विकास बोर्ड की वैज्ञानिक डॉ. दामिनी आर्य ने दूध उत्पादक किसानों को स्वच्छ दूध उत्पादन, पशुपालन से संबंधित उपयोगी जानकारी, पशु की देखभाल, रखरखाव, संतुलित आहार, दुधारू पशुओं की नस्ल व नस्ल में सुधार के साथ-साथ विभिन्न बीमारियों से पशुओं के बचाव के बारे में गहन प्रशिक्षण दिया।
इस अवसर पर एचपी मिल्कफेड मंडी इकाई के प्रभारी विश्वकांत शर्मा ने बताया कि दुग्ध उत्पादक सहकारी प्रसंघ वर्तमान प्रदेश सरकार द्वारा बढ़ाए गए दूध के दामों का लाभ प्रत्येक किसान तक सुनिश्चित कर रहा है। इसके लिए प्रसंघ की ओर से दूध की गुणवत्ता की जांच की जा रही है। प्रतिदिन दूध की गुणवत्ता और मात्रा के आधार पर बेहतर दाम दूध उत्पादकों को मिले, इसके लिए जगह-जगह पर जागरूकता शिविर भी लगाए जा रहे हैं। इनमें लोगों को उचित गुणवत्ता वाले दूध के उत्पादन के लिए प्रेरित किया जा रहा है, ताकि उत्पादक किसानों को सरकार की पहल का ज्यादा से ज्यादा को लाभ मिल सके और उनकी आय में भी आशातीत बढ़ोतरी हो सके।
इस प्रशिक्षण शिवर में एचपी मिल्क फेड मण्डी ईकाई के पीएंडआई इंचार्ज लाभ सिंह ठाकुर, दूध अभिशीतन केंद्र कुन्नू के प्रभारी हितेश शर्मा, सिध्याणी के प्रभारी चंदन शर्मा और मझवाड़ के प्रभारी भादर सिंह भी उपस्थित रहे।