नाहन : मेला क्षेत्र में चैत्र नवरात्र मेले के दौरान मांस व मछली विक्रय पर प्रतिबंध

नाहन :  मेला क्षेत्र में चैत्र नवरात्र मेले के दौरान मांस व मछली विक्रय पर प्रतिबंध
अक्स न्यूज लाइन नाहन 11 मार्च : 
 जिला दण्डाधिकारी सिरमौर प्रियंका वर्मा ने आज यहां आदेश जारी करते हुए बताया कि श्री महामाया बाला सुन्दरी जी त्रिलोकपुर मंदिर में 19 मार्च से 02 अप्रैल, 2026 तक मनाए जाने वाले चैत्र नवरात्र मेले के दौरान मेला क्षेत्र त्रिलोकपुर में किसी भी प्रकार की मांस व मछली विक्रय की दुकानें नहीं लगेगी।
 आदेशों में बताया गया कि इस दौरान कालाआंब से त्रिलोकपुर तक सड़क के साथ लगती मांस व मछली की दुकानों में विक्रताओं को केवल दुकान के अन्दर ही पर्दे में मांस व मछली को विक्रय करना होगा तथा मेला क्षेत्र में मांस व मछली की बिक्री पर मेला अवधि के दौरान पूर्ण रूप से प्रतिबंध रहेगा।  

 उन्होंने बताया कि मेले में विभिन्न राज्यों से श्रद्धालु अपनी आस्था और मन्नतों के साथ श्री महामाया बाला सुंदरी जी त्रिलोकपुर मंदिर में आते है, जिससे आवश्यक हो जाता है कि सम्पूर्ण मेला क्षेत्र त्रिलोकपुर में मेला के दौरान कोई भी मांस व मछली इत्यादी की बिक्री न हो ताकि श्री महामाया बाला सुंदरी जी त्रिलोकपुर मंदिर में आने वाले श्रद्धालुओं में किसी प्रकार का जन आक्रोश उत्पन्न न हो।