नाट्य उत्सव के दूसरे दिन “एक लड़की, पांच दीवाने” और “जहर” नाटकों का हुआ सफल मंचन

नाट्य उत्सव के दूसरे दिन “एक लड़की, पांच दीवाने” और “जहर” नाटकों का हुआ सफल मंचन
अक्स न्यूज लाइन बिलासपुर 19 मार्च : 
राज्य स्तरीय नलवाड़ी मेला के अवसर पर आयोजित किये जा रहे नाट्य उत्सव के दूसरे दिन “एक लड़की, पांच दीवाने” और “जहर” नाटकों का सफल मंचन किया गया। भाषा, कला एवं संस्कृति विभाग के ऑडिटोरियम में आयोजित किये जा रहे नाट्य उत्सव के दूसरे दिन उपायुक्त बिलासपुर राहुल कुमार ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक संदीप धवल तथा अतिरिक्त उपायुक्त ओम कांत ठाकुर भी विशेष तौर पर मौजूद रहे।

इस अवसर पर उड़ान थिएटर ग्रुप बिलासपुर द्वारा प्रस्तुत नाटक “एक लड़की, पांच दीवाने” ने दर्शकों को खूब हंसाया। इस नाटक का निर्देशन अभिषेक डोगरा ने किया। नाटक की कहानी में दिखाया गया कि किस प्रकार पांच युवक एक लड़की से विवाह करने के लिए अलग-अलग तरीके अपनाते हुए उसे प्रभावित करने की कोशिश करते हैं। हास्य रस से भरपूर इस प्रस्तुति ने दर्शकों को गुदगुदाते हुए उनके दिलों पर गहरी छाप छोड़ी। इस नाटक में नवीन सोनी, अभिषेक सोनी, अनुभव, ईशान गौतम, पारुल चौहान, मिलाप शर्मा, दाक्षी, नक्श और निखिल ने अभिनय किया, जबकि संगीत का जिम्मा धीरज शर्मा ने संभाला। इसके उपरांत “जहर” नाटक का मंचन किया गया, जिसका निर्देशन रंगकर्मी संजय सूद ने किया। इस नाटक में संजय सूद और निशांत रघु ने अभिनय किया।

मंच संचालन अरुण डोगरा एवं शालिनी शर्मा ने किया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में रंगकर्मी, कला प्रेमी एवं स्थानीय लोग उपस्थित रहे।