6 घंटे जाम, 150+ ट्रक फंसे, पंजाब की जवाबी चेतावनी—सुक्खू सरकार ने प्रदेश को संकट में डाला : हर्ष महाजन
अक्स न्यूज लाइन शिमला 05 अप्रैल :
भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं राज्यसभा सांसद हर्ष महाजन ने हिमाचल प्रदेश सरकार द्वारा लगाए गए एंट्री टैक्स को लेकर कांग्रेस सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि यह निर्णय पूरी तरह जनविरोधी और प्रदेश की अर्थव्यवस्था को नुकसान पहुंचाने वाला है।
उन्होंने कहा कि दूनि बॉर्डर पर करीब 6 घंटे तक लगा जाम, जिसमें 150 से अधिक ट्रक और सैकड़ों वाहन फंसे रहे, इस बात का स्पष्ट संकेत है कि सरकार के फैसले जमीन पर पूरी तरह फेल हो चुके हैं।
हर्ष महाजन ने कहा कि हिमाचल की अर्थव्यवस्था का बड़ा हिस्सा पर्यटन और परिवहन पर आधारित है, जहां हर साल करीब 2-3 करोड़ पर्यटक प्रदेश में आते हैं। ऐसे में एंट्री टैक्स जैसे फैसले पर्यटन उद्योग को सीधे प्रभावित करेंगे और प्रदेश की आय पर नकारात्मक असर डालेंगे।
उन्होंने कहा कि पहले ही हिमाचल प्रदेश पर 1.4 लाख करोड़ रुपये से अधिक का कर्ज हो चुका है और सरकार अपनी आर्थिक विफलताओं को छिपाने के लिए जनता पर नए-नए टैक्स थोप रही है।
महाजन ने कहा कि पंजाब सरकार द्वारा जवाबी टैक्स लगाने की चेतावनी बेहद गंभीर है। यदि ऐसा होता है तो रोजाना हजारों वाहनों की आवाजाही प्रभावित होगी और व्यापार पर करोड़ों रुपये का असर पड़ेगा।
उन्होंने कहा कि एंट्री टैक्स के कारण ट्रांसपोर्ट लागत बढ़ेगी, जिसका सीधा असर आम जनता पर महंगाई के रूप में पड़ेगा। फल, सब्जी, सीमेंट और अन्य आवश्यक वस्तुओं की कीमतों में बढ़ोतरी तय है।
अंत में उन्होंने मांग की कि प्रदेश सरकार तुरंत एंट्री टैक्स का निर्णय वापस ले, अन्यथा भाजपा प्रदेशभर में इस जनविरोधी फैसले के खिलाफ आंदोलन को और तेज करेगी।
उन्होंने कहा कि भाजपा जनता, व्यापारियों और परिवहन से जुड़े लोगों के साथ खड़ी है और उनके हितों के लिए हर स्तर पर संघर्ष जारी रखेगी।








