राजस्व मंत्री ने पूह ब्लॉक कांग्रेस के एक दिवसीय कार्यकर्ता सम्मेलन में की शिरकत

राजस्व मंत्री ने पूह ब्लॉक कांग्रेस के एक दिवसीय कार्यकर्ता सम्मेलन में की शिरकत
Ad 2 Ad 5 Ad 6 Ad 9
Ad 5 Ad 6 Ad 7 Ad 9
Ad 5 Ad 6 Ad 7 Ad 9

अक्स न्यूज लाइन  रिकांगपिओ  01 जुलाई :
राजस्व मंत्री श्री जगत सिंह नेगी ने आज यहां जिला किन्नौर के पूह उपमण्डल के पूह गांव में लोक निर्माण विभाग विश्राम गृह के प्रांगण में स्थानीय लोगों की जनसमस्याएं सुनी एवं उनके त्वरित समाधान के निर्देश दिए ताकि विभिन्न विभागों के अधिकारी समयबद्ध सीमा में इन जन शिकायतों का निवारण कर सकें और धरातल पर अन्तिम पंक्ति में खड़े लोगों को लाभ मिल सके।

श्री जगत सिंह नेगी ने इसके उपरान्त पूह ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के एक दिवसीय कार्यकर्ता सम्मेलन की अध्यक्षता की एवं उपस्थित कांग्रेस पार्टी के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ताओं को निर्देश दिए की वे बूथ स्तर पर वर्तमान प्रदेश सरकार की नीतियों एवं कार्यक्रमों का प्रचार-प्रसार अपने क्षेत्रों करें ताकि धरातल पर उपेक्षित एवं निर्धन वर्गों को जानकारी प्राप्त हो और वे इन कल्याणकारी योजनाओं का लाभ उठा सकें।
राजस्व मंत्री ने उपस्थित कांग्रेस पार्टी के कार्यकर्ताओं से सीधे संवाद के माध्यम से उनके विचार सुने तथा उन्हें संगठन को मजबूत करने के टिप्स प्रदान किए ताकि बूथ स्तर पर संगठन को मजबूत किया जा सके।

कैबिनेट मंत्री ने बताया कि  वन अधिकार अधिनियम 2006, सूचना का अधिकार अधिनियम 2005, शिक्षा का अधिकार अधिनियम 2009 व राज्य में नौतोड़ अधिनियम 1968 के बारे में विस्तृत जानकारी धरातल पर स्थानीय लोगों को दें ताकि इन कानूनों के प्रत्यक्ष लाभ समाज में शोषित वर्गों को सशक्त बना सकें। इसके अतिरिक्त, उन्होंने बताया कि कांग्रेस पार्टी सदैव जनजातीय समुदाय के हितों की सशक्त पैरवी करती है तथा उनके कल्याण के लिए निरन्तर कार्य कर रही है।

जनजातीय विकास मंत्री ने उपस्थित नवनिर्वाचित पंचायती राज संस्थाओं के प्रतिनिधियों से आह्वान किया कि वे अपने संबन्धित क्षेत्रों में पारदर्शिता एवं निष्पक्षता से विकासात्मक कार्यों को पूर्ण करें ताकि ग्रामीण लोकतंत्र व्यवस्था एवं अधोसंरचना विकास विकसित हो सके।

पूह ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष श्री प्रेम नेगी ने कैबिनेट मंत्री को संगठन की विभिन्न गतिविधियों की जानकारी प्रदान की तथा उनके दिशा- निर्देशों की अनुपालना करने का पूर्ण आश्वासन दिया।

इस अवसर पर जिला महिला कांग्रेस अध्यक्षा सुश्री सरोज नेगी, किनफैड के अध्यक्ष चन्द्र गोपाल नेगी,  जिला कांग्रेस के महासचिव एवं अधिवक्ता श्री निर्मल चंद्र नेगी, जनजातीय सलाहकार समिति के सदस्य श्री केसर नेगी, कांग्रेस पार्टी के लिए भूतपूर्व सैनिक समिति के अध्यक्ष श्री इन्द्र सिंह नेगी सहित कांग्रेस पार्टी के पदाधिकारीगण एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।