बरमा पापड़ी पंचायत में तड़के युवक पर हुआ जानलेवा हमला, पीजीआई रवाना, अज्ञात हमलावरों पर धारा 307 में एफआईआर दर्ज

अक्स न्यूज लाइन, नाहन 30 मई :
नाहन विधानसभा क्षेत्र को बरमा पापड़ी पंचायत में शुक्रवार को तड़के अज्ञात हमलावरों ने चंडीगढ़ में जॉब कर रहे एक स्थानीय युवक पर जानलेवा हमला कर दिया। गभीर रूप से घायल हुआ यूवक बरमापापड़ी-पालियों सड़क पर पुल के नजदीक खून में लथपथ बेहोशी की हालत में मिला। सूत्रों के अनुसार घटनास्थल से हॉकी स्टिक भी बरामद हुई है।
वारदात के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई। घायल को पीजीआई चंडीगढ़ भेजा गया है। पुलिस ने अज्ञात हमलावरों के खिलाफ धारा 307 में एफआईआर दर्ज कर ली है।
पीड़ित युवक मूल रूप से बर्मापापड़ी क्षेत्र का निवासी है, लेकिन वर्तमान में चंडीगढ़ में रह रहा था। शनिवार तड़के वह कुछ लोगों के साथ कालाअंब पहुंचा था। इसी दौरान अज्ञात हमलावरों ने उस पर हमला कर दिया और अधमरी हालत में उसे सड़क किनारे छोड़कर फरार हो गए।
सुबह करीब 6 बजे स्थानीय लोगों ने पालियों गांव के पास युवक को खून से लथपथ पड़ा देखा। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को नाहन मेडिकल कॉलेज पहुंचाया गया। जहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत को देखते हुए उसे PGI चंडीगढ़ भेज दिया गया।
पुलिस जांच में सामने आया है कि हमलावरों ने घटनास्थल से फरार होने के लिए युवक की कार का ही इस्तेमाल किया। कालाअंब थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, जिससे आरोपियों की पहचान में मदद मिलने की उम्मीद है।
इस घटना की पुष्टि करते हुए एसपी निश्चित सिंह नेगी ने बताया कि युवक को जानबूझकर उसी स्थान पर लाकर बुरी तरह पीटा गया और अज्ञात आरोपियो पर धारा 307 का मामला दर्ज कर लिया गया है। उन्होंने कहा कि पुलिस टीम सक्रिय रूप से मामले की जांच में जुटी है और जल्द ही आरोपियों को पकड़ लिया जाएगा।